भारत में मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों का दायरा बढ़ रहा है। इससे निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। आने वाले सालों में मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंशियल, कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी,वाटर और एग्री जैसे सेक्टर बड़े थीम बनकर उभर सकते हैं। ये बातें इकिगाई एसेट मैनेजमेंट (Ikigai Asset Management) के फाउंडर और CIO पंकज टिबरेवाल ने कही हैं।
मनीकंट्रोल FiDEX 2.0 में बोलते हुए टिबरेवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में टॉप 100 कंपनियों के दायरे से बाहर निवेश के मौके काफी बढ़े हैं, जिससे ऐसी कंपनियों का एक बड़ा समूह तैयार हुआ है जो वेल्थ क्रिएशन कर सकती हैं। साल 2017 में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के मार्केट कैपिटलाइजेशन वाली लगभग 150-200 कंपनियां थीं। आज यह संख्या बढ़कर लगभग 800 हो गई है। टॉप 100 के बाहर की कंपनियों का अब कॉर्पोरेट प्रॉफिट पूल में 25% से अधिक हिस्सा है,जबकि पहले यह 10-12% था। साथ ही, NSE 500 के मार्केट कैपिटलाइजेशन में इनका योगदान लगभग 39-40% है।
ये अब छोटी कंपनियां नहीं रहीं। ये उस सेक्टर की लीडर हैं,जिसमें ये काम करती हैं। टिबरेवाल ने आगे कहा कि हालांकि स्मॉल-कैप और मिड-कैप सेगमेंट में कंपनियों के बंद होने या विफल होने की दर काफी ज्यादा है,फिर भी सही कंपनियों और सेक्टरों की पहचान करके अच्छी-खासी कमाई की जा सकती है।
पंकज टिबरेवाल के पसंदीदा थीम्स
पंकज टिबरेवाल के पसंदीदा थीम्स में से एक है मैन्युफैक्चरिंग। इसमें खासकर वे कंपनियां शामिल हैं जो घरेलू मांग और निर्यात दोनों को पूरा करती हैं। उनका मानना है कि डिफेंस, एयरोस्पेस और ऑटो एंसिलरी (ऑटो पार्ट्स) जैसे सेक्टरों में कमाई के अच्छे मौके है, जहां कंपनियां सप्लाई की कमी के कारण मांग को पूरा करने में काफी मुश्किल का सामना कर रही हैं।
शॉर्ट के नजरिए से फाइनेंशियल शेयर अच्छे
पंकज टिबरेवाल को शॉर्ट के नजरिए से फाइनेंशियल शेयर अच्छे लग रहे है। इसके अलावा उनके कंज्यूमर डिस्क्रीशनरी शेयर भी अच्छे दिख रहे हैं। उनका मानना है कि लंबे समय तक महंगे रहने के बाद खपत से जुड़े शेयरों का भाव अब सही लेवल पर आ गया है।
जल और कृषि निवेश के बड़े थीम
वहीं, मध्यम अवधि के नजरिए से इनको जल और कृषि निवेश के बड़े थीम नजर आ रहे हैं। पानी की बढ़ती कमी और जलवायु के बदलते पैटर्न, जल से जुड़े कारोबार करने वाली कंपनियों के लिए अवसर पैदा कर सकते हैं। इसी तरह,बीज और एग्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों को भी फायदा हो सकता है,क्योंकि एग्री साइकिल एक लंबी मंदी से उबर रहा है।
कैपिटल मार्केट शेयरों पर भी बुलिश नजरिया
कैपिटल मार्केट शेयरों पर भी उनका बुलिश नजरिया है। उनका मानना है कि इस सेक्टर में वेल्थ क्रिएशन के बड़े मौके दिख रहे हैं। भारत में घरेलू बचत के फाइनेंशियलाइजेशन की बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि एक्सचेंज, डिपॉजिटरी, एसेट मैनेजर और वितरकों से जुड़े इस पूरे इकोसिस्टम में पहले से ही लगभग 40,000 करोड़ रुपये का प्रॉफिट पूल मौजूद है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।