गिरते बाजार में इस रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी का शेयर बना रॉकेट, 20% उछाल के बाद लगा अपर सर्किट

Waaree Renewable Technologies को 120 मेगावॉट-पीक (MWp) क्षमता का नया सोलर प्रोजेक्ट ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर से शेयरों में आई तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप करीब 7,180 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 3:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
20 फीसदी उछाल यानी 825.70 रुपये पर पहुंचने के बाद शेयर में अपर सर्किट लग गया।

शेयर बाजार में शुक्रवार यानी 27 नवंबर को वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में जबर्दस्त तेजी दिखी। सुबह में शेयर मजबूत खुले। उसके बाद शेयर में पंख लग गए। 2:45 बजे 20 फीसदी उछाल के बाद शेयर में अपर सर्किट लग गया। तब इसका प्राइस 825.70 रुपये था। हालांकि, शेयर बाजार पर दबाव देखने को मिला। निफ्टी और सेंसेक्स दोनों एक फीसदी से ज्यादा नीचे थे।

120 मेगावॉट-पीक (MWp) क्षमता का नया ऑर्डर

Waaree Renewable Technologies के शेयर में इस तेजी की वजह कंपनी को मिला नया ऑर्डर है। कंपनी को 120 मेगावॉट-पीक (MWp) क्षमता का नया सोलर प्रोजेक्ट ऑर्डर मिला है। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप करीब 7,180 करोड़ रुपये हो गया।


गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद LoA मिला

Waaree Energies की सब्सिडियरी Waaree Renewable Technologies ने बताया कि उसे गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद इस ऑर्डर का लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) मिला। कंपनी को यह ऑर्डर एक घरेलू प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से मिला है। इसका असर कंपनी के शेयरों पर 27 नवंबर को दिखा।

ऑर्डर के तहत कंपनी सोलर मॉड्यूल की सप्लाई करेगी

इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत Waaree Renewable Technologies सोलर मॉड्यूल की सप्लाई करेगी। इसके अलावा कंपनी प्रोजेक्ट के लिए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) का काम भी पूरा करेगी। कंपनी ने बताया कि यह टर्नकी प्रोजेक्ट है और इसे वित्त वर्ष 2028 में समाप्त होने वाले साल तक पूरा किया जाना है। हालांकि, कंपनी ने ऑर्डर देने वाली ग्राहक कंपनी का नाम और कॉन्ट्रैक्ट की कुल वैल्यू के बारे में नहीं बताया है। कंपनी ने कहा है कि यह संबंधित पक्ष (Related Party) के साथ किया गया लेनदेन नहीं है।

सितंबर तिमाही में 30% घटा कंपनी का मुनाफा

कंपनी का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में कमजोर रहा। Waaree Renewable Technologies का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 30 फीसदी घटकर 82 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 116 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

यह भी पढ़ें: Nifty अगले साल 29000 पर होगा, जेपी मॉर्गन ने बताई इसकी वजह

दूसरी तिमाही में ऑपरेशनल इनकम में अच्छा इजाफा 

हालांकि, इस दौरान कंपनी की ऑपरेशनल आय में अच्छी बढ़ोतरी हुई। सितंबर तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 36.5 फीसदी बढ़कर 1,057.8 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 775 करोड़ रुपये था। लेकिन रेवेन्यू में बढ़ोतरी के मुकाबले ऑपरेटिंग कमाई की रफ्तार काफी धीमी रही। कंपनी का EBITDA केवल 1.3 फीसदी बढ़कर 160 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 158 करोड़ रुपये था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।