Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजारों में आज यानी शुक्रवार 10 मार्च के शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट देखी गई। निफ्टी अपने 200 दिनों के औसत स्तर 17,430 के नीचे खुला। यह लगातार दूसरा दिन है, जब निफ्टी लाल निशान में कारोबार कर रहा है। निफ्टी और सेंसेक्स दोनों शुरुआती कारोबार में 1.3 फीसदी तक लुढ़क गए थे। वहीं हर 1 शेयर की बढ़त पर 3 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। सुबह 10 बजे के करीब सेंसेक्स 800 अंक गिरकर 58,978 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 232 अंक गिरकर 17,357 के स्तर पर आ गया था। सिर्फ 793 शेयरों में बढ़त के साथ कारोबार हो रहा था। वहीं 1,964 शेयरों में गिरावट आई और 98 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सिर्फ BSE का पावर इंडेक्स थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, हालांकि यह भी दबाव में है।
