बाजार में चौतरफा हरियाली के बीच 5 शेयर 20% तक चढ़े, 5 ने देखी 4% तक गिरावट
Gainers & Losers: भारतीय डिफेंस कंपनियों के शेयरों में आज 10 अप्रैल को अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के तिमाही नतीजों के बाद IT सेक्टर का जोश ठंडा पड़ा और स्टॉक्स में गिरावट देखी गई
दिन में सेंसेक्स ने पिछली क्लोजिंग से 990.85 अंकों की तेजी देखी।
एक दिन की गिरावट के बाद 10 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी लौटी। सेंसेक्स 489 अंकों से ज्यादा की बढ़त के साथ 77,121.01 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 105 अंकों से ज्यादा की बढ़त के साथ 23,880.55 पर खुला। इसके बाद सेंसेक्स ने पिछली क्लोजिंग से 990.85 अंकों की तेजी देखी और 77622.50 के हाई तक चला गया। निफ्टी लगभग 300 अंक तक बढ़कर 24,074.05 के हाई तक पहुंच गया। बाद में सेंसेक्स 918.60 अंकों की बढ़त के साथ 77,550.25 पर और निफ्टी 275.50 अंकों की बढ़त के साथ 24,050.60 पर बंद हुआ। आइए जानते हैं आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स के बारे में...
टॉप गेनर्स
The New India Assurance Company | मौजूदा भाव ₹155.90 (+19.78%): शेयर बाजार में ओवरऑल तेजी के बीच इस शेयर में भी बंपर खरीद हुई और 156.15 रुपये पर अपर प्राइस बैंड हिट हुआ। लेकिन सर्किट नहीं लगा। इस तेजी की अलग से कोई खास वजह नहीं है।
Aequs | मौजूदा भाव ₹144.05 (+15.10%): भारतीय डिफेंस कंपनियों के शेयरों में आज 10 अप्रैल को अच्छी तेजी देखने को मिली। सबसे अच्छा उछाल Aequs के शेयर ने दर्ज किया गया।
Power Mech Projects | मौजूदा भाव ₹2259.35 (+8.49%): कंपनी ने मुंबई मोनोरेल के लिए महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) से ऑपरेशन्स और मेंटेनेंस (O&M) कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू 296 करोड़ रुपये है। इसमें GST शामिल नहीं है। कॉन्ट्रैक्ट में 5 साल के लिए मुंबई में संत गाडगे महाराज चौक से चेंबूर तक 19.54 km के रूट और 17 स्टेशनों का O&M शामिल है।
Ola Electric Mobility | मौजूदा भाव ₹40.90 (+12.55%): शेयर में लगातार तीसरे दिन अच्छी खरीद हुई। दिन में यह 41.85 रुपये के हाई तक गया। शेयर में हाल के दिनों में आई तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण कंपनी का नया तकनीकी ऐलान माना जा रहा है। ओला इलेक्ट्रिक ने अपने इन-हाउस डेवलप्ड लीथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी की तैयारी पूरी होने की जानकारी दी है। इसका 46100 फॉर्मेट LFP सेल तैयार हो गया है, जो मौजूदा NMC 4680 भारत सेल से बड़ा है और स्केल, लागत और उपयोगिता के लिहाज से बेहतर है।
इसके अलावा, यह संकेत भी है कि कंपनी के इलेक्ट्रिक-टूव्हीलर की डिमांड अब स्थिर हो सकती है। साथ ही अब 80 प्रतिशत से ज्यादा वाहनों की सर्विस एक दिन में पूरी की जा रही है, जो कस्टमर एक्सपीरिएंस में सुधार का संकेत है। ओला ने अपने Roadster 9.1 मॉडल की कीमत में 60,000 रुपये तक की कटौती का ऐलान भी किया है।
RDB Infrastructure And Power | मौजूदा भाव ₹37.53 (+4.98%): कंपनी ने अपनी लीडरशिप में बड़े बदलाव किए हैं। शुभम वैद्य को मैनेजिंग डायरेक्टर और रमाकांत असोपा को चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बनाया गया। इनकी नियुक्ति 9 अप्रैल, 2026 से प्रभावी है। इसके अलावा कंपनी ने एक नई व्यावसायिक विस्तार पहल को मंजूरी दी है। इसके तहत RDB Ergoflex LLP का गठन किया गया है, जिसके साथ कंपनी ने फर्नीचर निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा है। इस वेंचर का मुख्य जोर घर की सजावट (Home Décor), ऑफिस फर्नीचर और संस्थागत फर्नीचर सहित, इंटीरियर से जुड़े संपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर होगा।
टॉप लूजर्स
Coal India | मौजूदा भाव ₹434.25 (-4.39%): कंपनी ने साफ किया है कि इनपुट कॉस्ट की बढ़ती लागत के बावजूद वह ग्राहकों पर बोझ नहीं डाल रही है। विस्फोटक की कीमतें 44 प्रतिशत बढ़कर 72,750 रुपये प्रति मीट्रिक टन हो गई हैं, जबकि इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतें 54 प्रतिशत बढ़कर 142 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं। इन दबावों के बावजूद, कंपनी ने लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर न डालने का फैसला किया है। कंपनी CIL की खदानों में काम करने वाले उन ठेकेदारों को भी औद्योगिक डीजल की बढ़ी हुई कीमत की भरपाई कर रही है, जो इसे बड़ी मात्रा में खरीदते हैं।
Kesoram Industries | मौजूदा भाव ₹10.47 (-4.12%): शेयर ने 5 प्रतिशत तक टूटकर 10.38 रुपये पर लोअर प्राइस बैंड हिट किया। बाद में यह थोड़ा संभला। एक दिन पहले बीएसई ने कंपनी से शेयर की कीमत में बड़े बदलाव को लेकर सफाई मांगी थी। अभी कंपनी ने इसका जवाब नहीं दिया है।
Asian Paints | मौजूदा भाव ₹2356.40 (+3.84%): बाजार में ओवरऑल तेजी के बीच इस शेयर में भी बिकवाली का दबाव रहा। दिन में बीएसई पर शेयर की कीमत 2272 रुपये के लो तक गई।
Coforge | मौजूदा भाव ₹1224.05 (-3.18%): TCS के नतीजों के बाद IT सेक्टर का जोश ठंडा पड़ा है। IT स्टॉक्स में गिरावट की एक वजह यह भी है कि मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने एक रिपोर्ट में बताया है कि एंथ्रोपिक ने एक नया AI मॉडल, मिथोस जारी किया है। इसमें IT सर्विसेज वैल्यू चेन के कुछ हिस्सों, खासकर साइबर सिक्योरिटी और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग को नया आकार देने की क्षमता है। इन्वेस्टर्स को चिंता है कि ऐसे AI टूल्स के डेवलपमेंट से सॉफ्टवेयर कंपनियों और पूरी इंडस्ट्री में प्रॉफिट को नुकसान होगा। हालांकि, ब्रोकरेज ने कहा कि AI से होने वाली रुकावट का IT सेक्टर पर तुरंत असर नहीं पड़ेगा, लेकिन आगे चलकर इसे बेहतर बनाने का दबाव और बढ़ेगा।
TCS | मौजूदा भाव ₹2524.35 (-2.45%): जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 12.2% बढ़कर ₹13,718 करोड़ हो गया। रेवेन्यू 9.6% बढ़कर ₹70,698 करोड़ हो गया। कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर ₹31 के फाइनल डिविडेंड को मंजूरी दी। कंपनी के इतिहास में पहली बार पूरे वित्त वर्ष में अमेरिकी डॉलर के लिहाज से रेवेन्यू 0.5% घट गया। अच्छी डील्स और मार्जिन के बावजूद ऐसा हुआ। FY25 में इसमें 3.8% और FY24 में 4.1% की ग्रोथ रही थी। इतना ही नहीं कर्मचारियों पर होने वाला खर्च FY26 में करीब 10,000 करोड़ रुपये बढ़ गया, जबकि कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 23,000 से ज्यादा की कटौती की थी।
कंपनी के नतीजे काफी हद तक स्ट्रीट के अनुमान के मुताबिक रहे, लेकिन फिर भी ब्रोकरेज ग्रोथ आउटलुक पर बंटे हुए रहे। ज्यादातर ब्रोकरेज ने डील जीतने और AI ट्रैक्शन को मुख्य पॉजिटिव बातें बताया। वहीं मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने FY26 को कंपनी के लिए एक और खराब परफॉर्मेंस वाला साल बताया, जिसमें रिकवरी थोड़ी-बहुत रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।