Gati Share Price: लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन्स प्रोवाइड करने वाली दिग्गज कंपनी गति (Gati) के शेयरों ने आज जमकर उड़ान भरी है। मई के कारोबारी आंकड़े पर यह इंट्रा-डे में बीएसई पर 8.52 फीसदी उछलकर 126.70 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी आई लेकिन अभी भी यह दमदार स्थिति में है। दिन के आखिरी में यह शेयर बीएसई पर 4.93 फीसदी के उछाल के साथ 122.50 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले 7 जून को एक्सचेंज फाइलिंग में मंथली ऑपरेशनल अपडेट दिया था। इसके अगले ही दिन यानी आज शेयरों को पंख लग गए। इसका एक साल का हाई 195.25 रुपये है जो इसने पिछले साल 14 सितंबर 2022 को छुआ था।
कैसी है Gati की कारोबारी स्थिति
मई में जमीन और एयर एक्सप्रेस मिलाकर कंपनी का टोटल वॉल्यूम 98 किलो टन पर पहुंच गया। यह अप्रैल के आंकड़ों की तुलना में 8 फीसदी अधिक रहा। हालांकि सालाना आधार पर यह 1 फीसदी ही अधिक रहा। मई के आखिरी हफ्ते में आने वाले त्योहारी सत्र की तैयारियों के चलते अच्छी तेजी दिखी। आने वाले महीनों में भी यह तेजी जारी रहने के आसार हैं। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक भिवंडी में कंपनी ने नया सुपरहब की शुरुआती की है जिससे पॉजिटिव ट्रेंड दिख रहे हैं।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
गति सड़कों, हवाई और रेल के जरिए एक्सप्रेस डिस्ट्रीब्यूशन और सप्लाई चेन सॉल्यूशन मुहैया कराती है। इसके अलावा सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, फ्रेट फारवर्डिंग और कोल्ड चेन ट्रांसपोर्टेशन की भी सर्विसेज देती है। गति आलकार्गो (Allcargo) ग्रुप की कंपनी है जिसे आलकार्गो ने करीब तीन साल पहले 2020 खरीद लिया था।
हैदराबाद की कुरियर डिलीवरी सर्विस फर्म गति में आलकार्गो लॉजिस्टिक्स की 50.20 फीसदी हिस्सेदारी है। कुछ समय पहले इसकी चर्चा हो रही थी कि गति में डेल्हीवरी (Delhivery) हिस्सेदारी खरीदने के लिए बातचीत कर रही है लेकिन डेल्हीवरी ने इसे लेकर साफ कर दिया कि ऐसी कोई बातचीत नहीं चल रही है। डेल्हीवरी ने यह जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी है।