Global market : ग्लोबल मार्केट से मिलेजुले संकेत मिल रहे हैं। एशिया की मिलीतुली शुरुआत हुई है। गिफ्ट- निफ्टी में फ्लैट कामकाज हो रहा है। उधर कल अमेरिकी बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे। महंगाई कंट्रोल पर जेरॉम पॉवेल के बयान से रेट कट की संभावना बढ़ी है। फेड चेयरमैन ने कहा है कि महंगाई 2 परसेंट के लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रही है। इस बयान के चलते कल अमेरिकी बाजारों में तेजी देखने को मिली। एनर्जी और फाइनेंशियल सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी रही थी। अब बाजार की नजर जुलाई में होने वाली फेड की बैठक पर है। अमेरिकी फेड की बैठक 30 से 31 जुलाई को होगी। 31 जुलाई को अमेरिकी फेड ब्याज दरों पर फैसला लेगा।
अमेरिकी केंद्रीय बैंक के हेड जेरोम पॉवेल ने कहा है कि महंगाई केंद्रीय बैंक के 2% लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। ब्याज दरों में कटौती का रास्ता साफ हो रहा है। हालांकि, पॉवेल ने स्पष्ट किया कि उनका इरादा दरों में कटौती के समय के बारे में कोई विशेष संदेश भेजने का नहीं है। इस बयान के बाद प्रमुख अमेरिकी सूचकांक उच्च स्तर पर बंद हुए। डाओ जोन्स 211 अंकों की बढ़त के साथ, एसएंडपी 500 इंडेक्स 16 अंकों की बढ़त के साथ, नैस्डैक 75 अंक की तेजी के साथ और रसेल2के 39 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ।
उधर यूएस10 ईयर बॉन्ड यील्ड 4.1 बीपीएस बढ़कर 4.23 पर पहुंच गई है। जबकि दो साल की दर 1.3 बीपीएस गिरकर 4.45 फीसदी हो गई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 85 डॉलर से नीचे कारोबार कर रहा है। गोल्डमैन सैक्स की दूसरी तिमाही की आय सालाना आधार पर दोगुनी से अधिक हो गई। कंपनी का आय में इन्वेस्टमेंट बैंकिंग शुल्क और असेट एंड वेल्थ मैनेजमेंट से होने वाली कमाई में दोहरे अंकों की बढ़त से जोरदार तेजी आई है।
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी करीब सपाट चाल के साथ 24,655.00के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 174.85 अंक यानी करीब 0.42 फीसदी तेजी के साथ 41,365.53 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स 7.17 अंक यानी 0.20 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 128.48 अंक यानी 0.54 फीसदी की तेजी के साथ 24,009.38 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि हांग कांग का हैंग सेंग 235.71 अंक यानी 1.35 फीसदी की कमजोरी के साथ 17,781.87 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि कोस्पी में 0.15 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। शंघाई कम्पोजिट भी 6.16 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।