Global market : ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। एशिया की मजबूत शुरुआत हुई है। गिफ्ट निफ्टी भी 0.25 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है। कल अमेरिकी बाजारों में रिकवरी दिखी थी। S&P 500 और नैस्डैक कल 0.50 फीसदी उछले थे। उधर फेड चेयरमैन ने रेट कट में जल्दबाजी नहीं करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि फेड को दरों में कटौती की कोई जल्दी नहीं है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। US रेग्युलेटर्स नियमों में बदलाव कर सकते हैं। लेंडर्स की जरूरतों के हिसाब से बदलाव संभव है। नियमों में बदलाव से बैंकों को फायदा होगा। इस बीच कमर्शियल रियल एस्टेट बैंक न्यूयॉर्क कम्युनिटी बैनकॉर्प को $1 बिलियन का इक्विटी निवेश प्राप्त हुआ है।
कल अमेरिकी बाजारों में रिकवरी देखने को मिली थी और ये सेलऑफ़ मोड से उबरते दिखे थे। हालांकि, ये दिन के हाई को बरकरार नहीं रख सके। यूएस फेड अध्यक्ष का कहना है कि ब्याज दरें संभवतः चरम पर हैं लेकिन फेड ब्याज दरों में कटौती की जल्दी में नहीं है। कल डॉव 76, एसएंडपी500 इंडेक्स 26, नैस्डैक 97 अंकों की बढ़त लेकर बंद हुए थे।
उधर US 10 ईयर बांड की यील्ड 5 आधार अंक घटकर एक महीने के निचले स्तर पर आ गई, जिससे यूटिलिटीज जैसे यील्ड के प्रति संवेदनशील सेक्टरों को सपोर्ट मिला। सोना 2152 डॉलर के नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स घटकर 4 हफ्ते के निचले स्तर 103.28 पर आ गया।
पॉवेल ने कहा कि हालांकि उन्हें अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मजबूती को देखते हुए दरों में कटौती की तत्काल कोई जरूरत नहीं दिखती लेकिन "इस साल किसी समय" दरों में कटौती करना उचित होगा। फेड अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अमेरिकी रेग्यूलेटर संभवत: बैंकों को अधिक पूंजी रखने की जरूरत वाले नियमों में बदलाव करेंगे। पिछली जुलाई में ये प्रस्ताव रखा गया था। ये बैंकों के लिए सकारात्मक होगा।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी 59.50 अंकों की बढ़त के साथ 22,652.50 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 247.31 अंक यानी करीब 0.62 फीसदी कमजोरी के साथ 39,844.42 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स की चाल सपाट दिख रही है। यह 10 अंक यानी 0.3 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 277.40 अंक यानी 1.38 फीसदी की तेजी के साथ 19,773.44 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि हांग कांग का हैंग सेंग 53.35 अंक यानी 0.32 फीसदी की कमजोरी के साथ 16,381.27 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, कोस्पी में 0.49 फीसदी की बढ़त दिख रही है। जबकि शंघाई कम्पोजिट 6.42अंक यानी 0.24 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 3,046.72 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।