Global market : शुक्रवार 21 जून को एसएंडपी 500 और नैस्डैक मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। इसकी वजह एनवीडिया के शेयरों में लगातार दूसरे दिन हुई गिरावट थी। एनवीडिया की कमजोरी ने दूसरे टेक्नोलॉजी शेयरों पर भी अपना असर दिखाया। फिलाडेल्फिया में सिंप्लीफाई एसेट मैनेजमेंट के मुख्य रणनीतिकार माइकल ग्रीन ने कहा, "यह एनवीडिया का खेल है, और हममें से बाकी लोग बस यहां होने का दिखावा कर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मूल रूप से सारी गतिविधि अब एनवीडिया के कॉल ऑप्शन पर केंद्रित हैं। एनवीडिया में 70 लाख ऑप्शन कॉन्ट्रैक्ट ट्रेड हुए हैं। यह पांच साल पहले के बाजार के कुल कॉन्ट्रैक्ट वॉल्यूम के तीन या चार गुना के आसपास है"।
कल के कारोबारी सत्र में डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 15.57 अंक या 0.04 फीसदी बढ़कर 39,150.33 पर पहुंच गया, एसएंडपी 500 8.55 अंक या 0.16 फीसदी गिरकर 5,464.62 पर क्लोज हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 32.23 अंक या 0.18 फीसदी गिरकर 17,689.36 पर बंद हुआ। मेगाकैप माइक्रोसॉफ्ट अल्फाबेट और अमेजन डॉट कॉम के शेयरों में 0.92 फीसदी से 1.89 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई। वहीं, एप्पल में 1.04 फीसदी की गिरावट आई।
नॉर्थ कैरोलिना के शार्लोट में होराइजन इन्वेस्टमेंट्स में पोर्टफोलियो मैनेजमेंट के हेड ज़ैचरी हिल ने कहा, "पिछले कुछ हफ़्तों के दौरान हमने बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया है, खास तौर पर एसएंडपी का प्रदर्शन शानदार रहा है। इसलिए यह देखकर परेशानी नहीं हुई कि बाजार अब कुछ थम गया है और सेटल हो रहा है।"
शुक्रवार का कारोबार ट्रिपल विचिंग यानी स्टॉक ऑप्शन्स, स्टॉक इंडेक्स ऑप्शन्स और स्टॉक इंडेक्स फ्यूचर्स की एक साथ क्लोजिंग के कारण सामान्य से ज्यादा वोलेटाइल था। रोजगार के आंकड़ों में सुधार के बीच जून में अमेरिकी व्यावसायिक गतिविधियां 26 महीने के हाई पर पहुंच गईं, जबकि प्राइस प्रेशर में कमी से संकेत मिलता है कि हाल की महंगाई की नरमी जारी रह सकती है।