Godrej Consumer share Price: गोदरेज कंज्यूमर के शेयर में 7 मई को बड़ी गिरावट दिखी। एक समय शेयर करीब 5 फीसदी तक गिर गया था। बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी आई। मार्च तिमाही के अच्छे नतीजों के बावजूद कंपनी के शेयरों में गिरावट दिखी। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 11 फीसदी बढ़ा।
गोदरेज कंज्यूमर का प्रॉफिट 10 फीसदी बढ़ा
मार्च तिमाही में गोदरेज कंज्यूमर की EBITDA 10.8 फीसदी बढ़ी, जबकि नेट प्रॉफिट 9.7 फीसदी बढ़ा। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 3,900 करोड़ रुपये रहा। एनालिस्ट्स ने रेवेन्यू 3,950 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था। EBITDA 841 करोड़ रुपये रही, जो अनुमान के मुताबिक है। EBITDA मार्जिन बढ़कर 21.6 फीसदी हो गया, जो 21.3 फीसदी के अनुमान से थोड़ा ज्यादा है।
डोमेस्टिक वॉल्यूम ग्रोथ 8 फीसदी रही
कंपनी का टैक्स बाद प्रॉफिट (PAT) 452 करोड़ रुपये रहा, जो एनालिस्ट्स के अनुमान से थोड़ा कम है। एनालिस्ट्स ने टैक्स बाद प्रॉफिट 565 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था। टैक्स बाद प्रॉफिट पर मार्च तिमाही में 92.95 करोड़ रुपये के एक्सेप्शनल लॉस का असर पड़ा। कंपनी की डोमेस्टिक वॉल्यूम ग्रोथ 8 फीसदी रही, जो 7-9 फीसदी के अनुमान के मुताबिक है। गोदरेज कंज्यूमर में इंडोनेशिया में अपने कारोबार में इम्प्रूवमेंट की उम्मीद जताई है। उसने कहा है कि अफ्रीका, यूएसए और मिडिल ईस्ट बिजनेस की रेवेन्यू और प्रॉफिट ग्रोथ अच्छी रह सकती है।
गोदरेज इंडस्ट्रीज का शेयर 15 फीसदी उछला
7 मई को गोदरेज कंज्यूमर का शेयर 11:30 बजे 4.47 फीसदी गिरकर 1,045 रुपये पर चल रहा था। इस साल यह शेयर करीब 16 फीसदी गिरा है। उधर, 7 अप्रैल को गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबर्दस्त तेजी दिखी। गोदरेज इंडस्ट्रीज का शेयर 15 फीसदी चढ़कर 1,178 रुपये पर चल रहा था। बीते एक महीने में यह शेयर 38 फीसदी चढ़ा है।
शेयर बाजारों में बड़ा उतार-चढ़ाव
शेयर बाजारों में 7 मई को बड़ी गिरावट दिखी। सुबह में सेंसेक्स और निफ्टी कमजोर खुले। उसके बाद दोनों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 11:30 बजे सेंसेक्स 118 अंक यानी 0.15 फीसदी गिरकर 77,840 पर चल रहा था। निफ्टी 14 अंक की कमजोरी के साथ 24,317 पर चल रहा था।