Gokaldas Exports Share Price: लगातार दो कारोबारी दिनों में भारी गिरावट के बाद आज घरेलू मार्केट में खरीदारी का जोरदार रुझान लौटा। हालांकि कारोबार आगे बढ़ने पर मुनाफावसूली के चलते रिकवरी थोड़ी हल्की हुई। वहीं गोलकलदास एक्सपोर्ट्स की बात करें तो लगातार पांच कारोबारी दिनों में गिरावट के बाद आज यह रॉकेट बन गया। पांच कारोबारी दिनों में यह 6 फीसदी से अधिक टूटा था और आज इंट्रा-डे में यह करीब 18 फीसदी उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते इसके भी शेयर नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज BSE पर यह 15.94 फीसदी की बढ़त के साथ 1076.10 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 17.98 फीसदी उछलकर 1095.00 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। पिछले साल 8 अगस्त 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 480.05 रुपये पर था।
Gokaldas Exports में तेजी का बांग्लादेश से है कनेक्शन
गोकलदास एक्सपोर्ट्स के शेयरों की इस रॉकेट स्पीड की वजह पड़ोदी देश बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता है। बांग्लादेश में राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है और प्रधानमंत्री शेख हसीना को न सिर्फ अपना पद छोड़ना पड़ा बल्कि देश भी छोड़कर निकलना पड़ा। इसके चलते कई कंपनियों के लिए निर्यात के मौके बने, खासतौर से अमेरिकी मार्केट के लिए। WTO के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका को करीब 9 फीसदी निर्यात बांग्लादेश से होता है, जबकि भारत से 6 फीसदी। इसी प्रकार यूरो शॉर्ट के मुताबिक यूरोपीय यूनियन को 21 फीसदी निर्यात बांग्लादेश से होता है। 2022 से दुनिया भर में 11 फीसदी कपड़ों का निर्यात बांग्लादेश से होता है। गोकलदास एक्सपोर्ट्स के इनवेस्टर प्रेजेंटेशन के मुताबिक इन निर्यात में चीन की हिस्सेदारी हल्की हो रही है यानी कि भारत के लिए काफी मौका है।
ब्रोकरेज का क्या है रुझान?
24 जून को यानी कि बांग्लादेश के राजीनितक संकट से काफी पहले कंपनी के एमडी शिवरामकृष्णन गणपति ने सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में कहा था कि वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की ग्रोथ दोहरे अंकों में हो सकती है और अगले तीन से पांच साल में रेवेन्यू डबल करने का लक्ष्य है। इसे कवर करने वाले आठ एनालिस्ट्स ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है।