Kolte-Patil Share Price: गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) के निवेश वाली कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयरों ने आज ऐसा धमाल मचाया कि निवेशक लहालोट हो उठे। जून तिमाही में कंपनी के घाटे से मुनाफे में आने और रेवेन्यू में 11 गुना से अधिक उछाल का शेयरों ने जश्न मनाया और शेयर 18% से अधिक उछल पड़ा। इस उछाल के साथ शेयर करीब दो साल के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गए। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया, जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 12.31% की बढ़त के साथ ₹521.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 18.56% उछलकर ₹550.00 पर पहुंच गया था। जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के हिसाब से गोल्डमैन सैक्स बैंक यूरोप एसई-ओडीआई की इसमें 4.25% होल्डिंग है और विदेशी निवेशकों की ओवरऑल 10.61%।
Kolte-Patil Developers Q1 Results: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स कंसालिडेटेड लेवल पर सालाना आधार पर पर ₹16.88 करोड़ के घाटे से ₹146.66 करोड़ के मुनाफे में आ गई। इस दौरान ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू भी 11 गुना से अधिक बढ़कर ₹82.36 करोड़ से ₹919.54 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग लेवल पर कंपनी ₹25.95 करोड़ के ऑपरेटिंग लॉस से ₹189.52 करोड़ के ऑपरेटिंग प्रॉफिट में पहुंच गई और मार्जिन भी इस दौरान (-)31.51% से 20.61% पर पहुंच गया।
जून तिमाही में कंपनी की प्री-सेल्स ₹617 करोड़ रही तो कलेक्शंस सालाना 30% बढ़कर ₹715 करोड़ हो गया और एवरेज रियलाइजेशन 29% बढ़कर प्रति स्क्वेयर फीट ₹9442 पर पहुंच गया। जून 2026 तिमाही में कंपनी ने बिक्री लायक करीब 7.8 लाख स्क्वेयर फीट एरिया लॉन्च किया। कंपनी के प्री-सेल्स में पुणे और एमएमआर (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन) में लाइफ रिपब्लिक टाउनशिप की हिस्सेदारी करीब 34% रही।
कंपनी ने एमएमआर में छह रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट भी जोड़े हैं, जिनकी कुल अनुमानित ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) लगभग ₹6,000 करोड़ है। यह मुंबई के वेस्टर्न और सेंट्रल सबर्ब्स के साथ-साथ नवी मुंबई में फैला हुआ जोकि मुंबई में कंपनी के लिए अब तक का सबसे बड़ा सालाना बिजनेस-डेवलपमेंट एडीशन है। रेगुलेटरी अप्रूवल मिलने के बाद कंपनी ये सभी छह प्रोजेक्ट्स अगले 6-12 महीने में लॉन्च कर सकती है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयरों ने कम समय में ही निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। 30 मार्च 2026 को बीएसई पर यह ₹292.55 के भाव पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से पांच महीने में यह 88% उछलकर आज 11 अगस्त 2026 को ₹550.00 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए करीब दो साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।