US Tariffs: अमेरिका भारत, चीन और कई अन्य देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि ये देश सब्सिडी के जरिए अपने घरेलू उद्योगों को फायदा पहुंचा रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
US Tariffs: अमेरिका भारत, चीन और कई अन्य देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि ये देश सब्सिडी के जरिए अपने घरेलू उद्योगों को फायदा पहुंचा रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
Wall Street Journal (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर इस मामले में जल्द जांच के नतीजे घोषित कर सकते हैं। यह जांच कई महीने से चल रही है। इसमें चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों में औद्योगिक सब्सिडी की समीक्षा की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, घोषणा इसी सप्ताह हो सकती है।
भारत पर बढ़ सकता है टैरिफ का दबाव
इस जांच के नतीजों के बाद अमेरिका कई देशों से आने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगा सकता है। भारत भी इसकी जद में आ सकता है। हालांकि, भारत पर टैरिफ कितना बढ़ेगा, यह ट्रंप प्रशासन के साथ हुए व्यापार समझौते की शर्तों पर निर्भर करेगा।
WSJ के मुताबिक, भारत और वियतनाम पर यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया के मुकाबले ज्यादा टैरिफ लग सकता है। इन देशों के लिए टैरिफ की दर 15% या इससे कम रहने की संभावना है।
चीन, जापान और यूरोपीय संघ भी निशाने पर
अमेरिकी जांच के दायरे में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देश शामिल हैं। प्रस्तावित शुल्क इन अर्थव्यवस्थाओं से अमेरिका आने वाले ज्यादातर उत्पादों पर लागू हो सकते हैं।
हालांकि, कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे छूट मिलने की संभावना है। इनमें स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल शामिल हैं। इन उत्पादों पर अमेरिका पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक अलग प्रावधान के तहत टैरिफ लगा चुका है।
अमेरिकी प्रशासन ने टिप्पणी से किया इनकार
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। वहीं, व्हाइट हाउस ने भी सवालों का जवाब नहीं दिया।
जांच के नतीजे आने के बाद यह साफ होगा कि किन देशों पर कितना अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। भारत के लिए यह फैसला अहम होगा, क्योंकि इससे अमेरिका को होने वाले निर्यात की लागत और भारतीय कंपनियों की प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ सकता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।