Goldman Sachs ने घटाई Maruti Suzuki के स्टॉक की रेटिंग, जानिए बताई क्या वजह

गोल्डमैन सैक्स की मारुति सुजुकी की रिपोर्ट का असर कंपनी के शेयरों पर सोमवार सुबह देखने को मिला। मार्केट खुलने के बाद मारुति सुजुकी के शेयर का प्राइस 1 फीसदी से ज्यादा गिर गया। हालांकि, कुछ समय बाद इसमें कुछ रिकवरी देखने को मिली

अपडेटेड Apr 10, 2023 पर 11:46 AM
Story continues below Advertisement
मारुति की सेल्स मिनी और कॉम्पैक्ट व्हीकल्स सेगमेंट में मार्च में घटकर 83,414 यूनिट्स पर आ गई। एक साल पहले मार्च में यह 97,805 यूनिट्स थी।

ग्लोबल रिसर्च और ब्रोकिंग फर्म Goldman Sachs ने Maruti Suzuki India की रेटिंग घटा दी है। उसने कंपनी के शेयरों को 'खरीदने' की अपनी सलाह बदलकर 'तटस्थ' (Neutral) कर दी है। उसने मारुति के शेयर का टारगेट प्राइस भी 20 फीसदी घटाकर 8,800 रुपये कर दी है। उसने कहा है कि छोटी कारों की डिमांड लगातार घट रही है। इसी वजह से उसने अपनी रेटिंग में बदलाव किया है। उसका मानना है कि स्मॉल कार सेगमेंट में लगातार घटती डिमांड की वजह से इस फाइनेंशियल ईयर में मारुति सुजुकी की बाजार हिस्सेदारी पर असर पड़ेगा।

शेयरों पर दिखा दबाव

Maruti Suzuki India के शेयरों पर सोमवार सुबह गोल्डमैन सेक्स की रिपोर्ट का असर देखने को मिला। सुबह 10:28 बजे कंपनी का शेयर 1.01 फीसदी गिरकर 8,431 रुपये पर आ गया। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ा रिकवरी दिखी। करीब 11:15 बजे शेयर का प्राइस 0.82 फीसदी की कमजोरी के साथ 8446 रुपये पर चल रहा था। गोल्डमैन सैक्स ने अपनी रेटिंग तब घटाई है, जब मारुति अपनी SUV की बिक्री दोगुनी करने की तैयारी में है। यह कंपनी 2023 में SUV सेगमेंट में नंबर वन पर पहुंच सकती है।


यह भी पढ़ें : शॉर्ट कॉल : Titan, Sobha और सीमेंट स्टॉक्स बता रहे हैं इंडियन मार्केट्स का कैसा है मूड

मार्च में सेल्स में आई गिरावट

मारुति की सेल्स मिनी और कॉम्पैक्ट व्हीकल्स सेगमेंट में मार्च में घटकर 83,414 यूनिट्स पर आ गई। एक साल पहले मार्च में यह 97,805 यूनिट्स थी। साल दर साल आधार पर पैसेंजर व्हीकल्स की सेल्स 16 फीसदी गिरकर 83,714 यूनिट्स रही। टोटल डोमेस्टिक सेल्स में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिला। यह घटकर 1,39,952 यूनिट्स पर आ गई। पिछले साल मार्च में यह 1,43,899 यूनिट्स थी। हालांकि, एक्सपोर्ट 13.67 फीसदी बढ़कर मार्च में 30,119 यूनिट्स रही।

येन में मजबूती का मार्जिन पर असर

गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि फाइनेंशियल ईयर 2023-24 में जापानी करेंसी येन में मजबूती रहने की उम्मीद है। इसका कुछ असर मारुति सुजुकी के मार्जिन पर पड़ सकता है। उसके चलते गोल्डमैन सैक्स ने FY24-25 के अर्निंग प्रति शेयर (EPS) के अनुमान में भी 15-18 फीसदी की कमी की है। दरअसल, मारुति सुजुकी को अपने जापानी प्रमोटर Suzuki Motor Corporation को रॉयल्टी फीस चुकानी पड़ती है। येन में मजबूती से कंपनी पर रॉयल्टी का बोझ बढ़ जाएगा। इसका असर कंपनी के मार्जिन पर पड़ेगा।

मारुति के शेयरों में पिछले कुछ महीनों में दबाव देखने को मिला है। हालांकि, बीते एक साल में शेयर का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसने इनवेस्टर्स को 11 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।