रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने ग्रीन एनर्जी बिजनेस (green energy business)) में भी उतरने का ऐलान किया है। विदेशी ब्रोकर और रिसर्च फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) का मानना है कि इससे कंपनी के ग्रोथ को और मजबूती मिलेगी, जो करीब एक दशक तक जारी रह सकती है। गोल्डमैन सैक्स के एनालिस्टों ने यह भी अनुमान जताया कि इससे रिलायंस इंडस्ट्री के शेयर की कीमत नई ऊंचाई पर पहुंच सकती हैं।
गोल्डमैन सैक्स ने एक नोट में कहा कि रिलायंस इंडस्ट्री के शेयरों की कीमत अगले एक साल 83 पर्सेंट तक बढ़ सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि बेस केस में भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 35 पर्सेंट की तेजी के साथ 3,185 रुपये के टारगेट प्राइस तक पहुंच सकते हैं। रिसर्च फर्म ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी के पीछे 3 कारणों का हवाला दिया।
रिसर्च फर्म ने एक नोट में कहा, "हमें तीन कारणों से रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों मे तेजी की उम्मीद है। पहला, प्रत्येक सेगमेंट में टिकाऊ ग्रोथ के साथ अर्निंग रिकवरी। दूसरा, नए डिजिटल उत्पादों की लॉन्चिंग और तीसरा, रिलायंस के न्यू एनर्जी बिजनेस के रोडमैप को लेकर मैनेजमेंट की तरफ से दी गई जानकारी। इन तीन कारणों से वित्त वर्ष 2021 से 2023 के बीच कंपनी के अर्निंग में 41 पर्सेंट की मजूबत सालाना ग्रोथ देखी जा सकती है।"
गोल्डमैन सैक्स ने नोट में कहा कि कंपनी की अधिकतर ग्रोथ उसके न्यू ग्रीन एनर्जी बिजनेस से आएगी।
बता दें कि इस साल की शुरुआत में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने अगले तीन सालों में न्यू ग्रीन एनर्जी बिजनेस में 75,000 करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था रिलांयस ने 2035 तक नेट जीरो कार्बन कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है और इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए न्यू ग्रीन एनर्जी बिजनेस में निवेश किया जाएगा।
नोट में कहा गया है कि पारंपरिक ओल्ड एनर्जी के मुकाबले न्यू एनर्जी में कम पूंजी निवेश कर अधिक रिटर्न हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि न्यू ग्रीन एनर्जी बिजनेस में रिलायंस के निवेश का अधिकतर हिस्सा सोलर और फिर बैटरीज पर जाएगा। नोट में कहा गया कि जब सोलर और बैटरी में निवेश से कंपनी को रिटर्न मिलने लगेगा, तब वह हाइड्रोजन पर खर्च करेगी।
इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर मंगलवार को NSE पर 0.82 पर्सेंट की तेजी के साथ 2,382.00 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुए।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 ग्रुप पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)