Gopal Snacks Share: गोपाल स्नैक्स के शेयर आज 16 दिसंबर को लगातार तीसरे दिन लाल निशान पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयरों में आज 6.60 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 386.60 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पिछले तीन दिनों में इस शेयर में 14 फीसदी से अधिक की गिरावट आ चुकी है। दरअसल, कंपनी ने राजकोट में अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में आग लगने की घटना के चलते कामकाज अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। इस खबर के बाद स्टॉक में बिकवाली हो रही है।
11 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे मेटोडा औद्योगिक क्षेत्र में गोपाल स्नैक्स फैक्ट्री में आग लगने के बाद 14 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फर्म के एमडी बिपिन हडवानी ने कहा कि आग की लपटें सबसे पहले तहखाने में लगी और वहां रखे कच्चे माल की वजह से यह तेजी से फैल गई। उन्होंने कहा कि बुधवार को मेटोडा औद्योगिक क्षेत्र में छुट्टी थी, इसलिए परिसर में बहुत कम कर्मचारी थे।
गोपाल स्नैक्स ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "प्रभावित फैसिलिटी पर काम अस्थायी रूप से रुका हुआ है, हमने अपनी अन्य मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में उत्पादन बढ़ा दिया है और सप्लाई क्षमताओं को बढ़ाने के लिए थर्ड पार्टी के निर्माताओं को शामिल किया है। इन प्रयासों ने हमें 16 दिसंबर 2024 तक सप्लाई लेवल का लगभग 50 फीसदी बहाल करने में सक्षम बनाया है।"
कंपनी ने कहा, "हम कामकाज को और बढ़ाने के लिए लगन से काम कर रहे हैं, सभी उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठा रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अगले 15 दिनों के भीतर सप्लाई का स्तर अधिकतम स्तर पर बहाल हो जाए।" गोपाल स्नैक्स का मार्केट कैप 4,800 करोड़ रुपये है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।