IDBI Bank पर एक नया अपडेट आया है। सरकार जल्द ही इस बैंक में हिस्सेदारी बेचने के लिए वित्तीय बोलियां यानि कि फाइनेंशियल बिड्स इनवाइट करेगी। मनीकंट्रोल को सरकारी अधिकारियों से पता चला है कि एक अंतर-मंत्रालयी समूह (IMG) 31 अक्टूबर को बिडिंग प्रोसेस को फाइनल करने और मंजूरी देने के लिए मीटिंग कर सकता है। IMG में डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव मौजूद हैं।
इस मीटिंग में शेयर खरीद समझौते (SPA) के फाइनल ड्राफ्ट को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। साथ ही शॉर्टलिस्ट किए गए निवेशकों से वित्तीय बोलियां मंगाने की समय-सीमा तय की जाएगी। SPA, ट्रांजेक्शन से जुड़ा एक प्रमुख डॉक्युमेंट है। इसमें खरीदार की जिम्मेदारियों, मैनेजमेंट कंट्रोल के ट्रांसफर और बिक्री के बाद की जिम्मेदारियों की डिटेल रहती है।
मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति का कहना है कि यह चर्चा लेन-देन को उसके अंतिम चरण में ले जाने के लिए महत्वपूर्ण होगी। ज्यादातर ग्राउंडवर्क पूरा हो चुका है। इस महीने के आखिर में होने वाली मीटिंग में बाकी प्रक्रियाओं को मंजूरी मिलने की उम्मीद है ताकि बिना किसी देरी के वित्तीय बोलियां मंगाई जा सकें।
IDBI Bank में सरकार और LIC के पास 94.71 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी
IDBI Bank में सरकार और LIC की कुल मिलाकर 94.71 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। बैंक में हिस्सेदारी की रणनीतिक बिक्री को सरकार के प्राइवेटाइजेशन प्रोग्राम के लिए एक टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है। IDBI बैंक में रणनीतिक विनिवेश की प्रकिया लंबे से समय से अटकी हुई है। वर्तमान में केंद्र सरकार के पास IDBI Bank में 45.48 प्रतिशत और LIC के पास 49.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। खरीदार, बैंक में मेजॉरिटी स्टेक खरीदेगा। सरकार की ओर से 30.48 प्रतिशत और LIC की ओर से 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची जाएगी। कुल मिलाकर बैंक की इक्विटी शेयर कैपिटल का 60.72 प्रतिशत हिस्सा कम हो जाएगा। साथ ही बैंक के मैनेजमेंट का कंट्रोल भी खरीदार के पास चला जाएगा।
अक्टूबर-दिसंबर के बीच मंगाई जा सकती हैं बिड्स
एक सरकारी सूत्र का कहना है, "लेनदेन के डॉक्युमेंट्स अब फाइनल होने की एडवांस्ड स्टेज में हैं। IMG की मंजूरी मिलते ही, दीपम वित्तीय बोलियां मंगाने करने के लिए तेजी से आगे बढ़ेगा।" विनिवेश पर सचिवों के कोर ग्रुप (CGD) और वित्त मंत्री की अध्यक्षता वाले मंत्रिस्तरीय पैनल से भी जल्द मंजूरी ली जाएगी। फाइनेंशियल बिड्स इस साल अक्टूबर और दिसंबर के बीच मंगाए जाने की उम्मीद है। इसके बाद मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होगी। विनर बिडर चुने जाने और कैबिनेट की ओर से उसे मंजूरी मिलने के बाद, यह सौदा अंतिम चरण में पहुंच जाएगा।
मार्केट कैप ₹1.10 लाख करोड़ के पार
IDBI Bank के शेयर में 28 अक्टूबर को अच्छी तेजी है। दिन में BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 8.6 प्रतिशत तक उछलकर 104.10 रुपये के हाई तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 6.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 102.13 रुपये पर सेटल हुआ। बैंक का मार्केट कैप 1.09 लाख करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 106.34 रुपये है, जो 30 जून 2025 को देखा गया। 52 सप्ताह का निचला स्तर 65.89 रुपये 13 जनवरी 2025 को देखा गया। बैंक ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 2.10 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।