Gujarat Gas Share Price: गुजरात गैस के शेयर आज रॉकेट बन गए हैं। मर्जर और डी-मर्जर की योजना को मंजूरी मिली तो ब्रोकरेजेज ने भी इसका टारगेट प्राइस बढ़ा दिया। इससे शेयरों की मांग काफी बढ़ गई और इसने भाव को तगड़ा सपोर्ट किया। शुरुआती कारोबार में ही गुजरात गैस के शेयर 13 फीसदी से अधिक उछल गए। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई है लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज BSE पर यह 11.91 फीसदी की बढ़त के साथ 678.95 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 13.64 फीसदी उछलकर 689.45 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। करीब 11 महीने पहले 26 अक्टूबर 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 397.20 रुपये पर था।
Gujarat Gas की किस विलय योजना को मिली है मंजूरी?
गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (GSPC), जीएसपीसी एनर्जी और गुजरात स्टेट पेट्रोनेट लिमिटेड (GSPL) के विलय को गुजरात गैस के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंजों को जो जानकारी भेजी है, उसके मुताबिक इसके गैस ट्रांसमिशन बिजनेस को अलग कर स्टॉक मार्केट में लिस्ट किया जाएगा। इस प्रकार एक मर्जर और एक डी-मर्जर प्लान से शेयरों को सपोर्ट मिला है।
ब्रोकरेजेज का क्या है रुझान?
इक्विरस ने 667 रुपये के टारगेट प्राइस पर गुजरात गैस की रेटिंग को अपग्रेड कर ऐड कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि विलय और डीमर्जर की योजना बेहतरीन तरीके से तैयार की गई है। नई कंपनी को देश की दूसरी सबसे बड़ी गैस ट्रेडिंग कंपनी के रूप में मार्केट में अपनी मजबूत स्थिति से सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा गैस की बढ़ती खपत और वैल्यू चैन में गुजरात गैस की मजबूत स्थिति से फायदा मिलेगा।
एक और ब्रोकरेज Antique Broking को गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और गुजरात स्टेट पेट्रोनेट का विलय काफी आकर्षक दिख रहा है। इसके चलते ब्रोकरेज ने गुजरात गैस का टारगेट प्राइस 690 रुपये से बढ़ाकर 726 रुपये कर दिया। ब्रोकरेज का कहना है कि गुजरात गैस अपने 72 हजार करोड़ रुपये के कैरी फारवर्ड लॉसेज का गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉरपोरेशन में इस्तेमाल कर सकेगी। इसके अलावा GSPC और GSPL दोनों की इंट्रिंसिंक वैल्यू अभी के अनुमान से काफी अधिक है। एक और ब्रोकरेज Emkay Global ने गुजरात गैस की रेटिंग को सेल से अपग्रेड कर रिड्यू कर दी है और टारगेट प्राइस 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।