HAL Q2 Results: हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने आज 14 नवंबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 22.14 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 1510.49 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि उसने पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की जुलाई-सितंबर अवधि में 1236.67 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। तिमाही नतीजों का बाजार ने स्वागत किया और इसके शेयरों में आज दो फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई।
कैसे रहे HAL के तिमाही नतीजे?
कंपनी का मार्केट कैप 2.76 लाख करोड़ रुपये है। दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू 6 फीसदी बढ़कर 5,976.3 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 5,635.7 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA पिछले साल की समान तिमाही के 1,527.7 करोड़ रुपये से 7.3 फीसदी बढ़कर 1,604 करोड़ रुपये हो गया। मार्जिन भी पिछले साल की समान तिमाही के 27.1 फीसदी से बढ़कर 27.4 फीसदी हो गया।
आत्मनिर्भर भारत अभियान से HAL को फायदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के बीच हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स पर निवेशकों की नजर है। इसके चलते कंपनी को डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग के बड़े ऑर्डर हासिल करने में मदद मिली है। इस साल मई में आम चुनावों से ठीक पहले मोदी ने HAL का उदाहरण देते हुए PSU शेयरों के शानदार प्रदर्शन पर बात की थी। उन्होंने कहा, "HAL (हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड) को देखिए - इसने चौथी तिमाही में 4000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया है।" इस समय यह स्टॉक BSE पर 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 4127.65 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।