Hatsun Agro Products Shares: हैटसन एग्रो प्रोडक्ट्स के शेयरों में मंगलवार 16 जुलाई को 18 प्रतिशत की भारी तेजी आई। साथ ही स्टॉक ने कारोबार के दौरान 1,400 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई को छू लिया। डेयरी कंपनी के शेयरों में यह तेजी इसके उसके जून तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद आई है। NSE पर सुबह 09.27 बजे, हैटसन एग्रो प्रोडक्ट्स के शेयर NSE पर 1,272.45 पर कारोबार कर रहे थे। मंगलवार की भारी तेजी के बावजूद, इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों का भाव महज 7 फीसदी बढ़ा है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों में करीब 26.70 फीसदी की तेजी आई है।
मजबूत तिमाही नतीजों के चलते शेयर के वॉल्यूम में भारी उछाल आया। एक्सचेंज पर इसके तीन लाख शेयरों का कारोबार हुआ, जो इसके पिछले एक महीने के डेली औसत 45,000 शेयरों से कई गुना अधिक है।
हैटसन एग्रो प्रोडक्ट्स ने बताया कि वित्त वर्ष 2025 की जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 62.9 प्रतिशत बढ़कर 130.5 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 80.10 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू भी जून तिमाही में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 2,375 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 2,150.60 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते जून तिमाही के दौरान उसके आइसक्रीम और अन्य डेयरी उत्पादों की मांग मजबूत रही, जिससे कंपनी को चौतरफा ग्रोथ हासिल करने में मदद मिली।
ऑपरेटिंग मोर्चे पर भी हैटसन एग्रो के प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। जून तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन ( EBITDA Margin) बढ़कर 13.90 प्रतिशत हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 11.0 प्रतिशत था। इसके अलावा, कंपनी ने 6 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है, जिसकी रिकॉर्ड तिथि 24 जुलाई तय की गई है।