HDB Financial Q3 Results: दो तिमाही के झटकों के बाद दमदार वापसी! 36% बढ़ा मुनाफा, रेवेन्यू में भी उछाल
HDB Financial Q3 Results: HDB फाइनेंशियल सर्विसेज ने दिसंबर तिमाही में दमदार वापसी की है। कंपनी का मुनाफा 36% बढ़कर ₹643.9 करोड़ पहुंचा। रेवेन्यू और मार्जिन में भी सुधार दिखा। लोन ग्रोथ और NII ने नतीजों को सहारा दिया। जानिए डिटेल।
HDB Financial Services Ltd के शेयर बुधवार, 14 जनवरी को बीएसई पर 0.59 प्रतिशत टूटकर ₹763.45 पर बंद हुआ।
HDB Financial Q3 Results: HDB फाइनेंशियल सर्विसेज ने 14 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष 2026 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। इस तिमाही में कंपनी ने ₹643.9 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया है। यह पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 36 प्रतिशत ज्यादा है। एक साल पहले Q3 में कंपनी का मुनाफा ₹472.3 करोड़ था।
तिमाही आधार पर भी बढ़ा मुनाफा
अगर पिछली तिमाही से तुलना करें, तो मुनाफे में साफ सुधार दिखता है। जुलाई-सितंबर FY26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा ₹581.4 करोड़ था। इसके मुकाबले Q3 में मुनाफा करीब 11 प्रतिशत बढ़ा है।
यह इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे पहले लगातार दो तिमाहियों में कंपनी के नतीजों पर दबाव देखने को मिला था।
रेवेन्यू बढ़ा, खर्च काबू में रहा
HDB Financial की दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में ऑपरेशंस से कमाई ₹4,673.5 करोड़ रही। यह पिछले साल की समान तिमाही के ₹4,143.6 करोड़ के मुकाबले करीब 13 प्रतिशत की बढ़त है।
वहीं खर्चों की बात करें तो इस तिमाही में कुल खर्च ₹3,813.2 करोड़ रहे, जो सालाना आधार पर करीब 9 प्रतिशत ज्यादा हैं। यानी रेवेन्यू की रफ्तार खर्चों से तेज रही।
मुनाफे की मार्जिन में साफ सुधार
HDB Financial Services की नेट प्रॉफिट मार्जिन Q3 FY26 में बढ़कर 13.78 प्रतिशत पहुंच गई। एक साल पहले इसी तिमाही में यह मार्जिन 11.40 प्रतिशत थी। मार्जिन में यह सुधार बताता है कि कंपनी की ऑपरेशनल एफिशिएंसी बेहतर हुई है।
HDB Financial का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी इस तिमाही में मजबूत रहा। सालाना आधार पर AUM 12 प्रतिशत बढ़कर ₹1,14,853 करोड़ पहुंच गया। यह इशारा करता है कि लोन बुक में ग्रोथ बनी हुई है।
लोन और NII ने दिया मुनाफे को सहारा
दिसंबर तिमाही में कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 22.1 प्रतिशत बढ़कर ₹2,285 करोड़ हो गई। इसका बड़ा कारण ग्रॉस लोन में आई बढ़त रही। तिमाही के दौरान कंपनी के कुल ग्रॉस लोन ₹1,14,577 करोड़ रहे, जो सालाना आधार पर 12.2 प्रतिशत ज्यादा हैं।
इस तिमाही में कंपनी का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) 2.35 प्रतिशत रहा। वहीं रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 14 प्रतिशत पर बना रहा। कंपनी ने साफ किया है कि यह आंकड़ा नए लेबर कोड्स से जुड़े एकमुश्त असर को हटाकर बताया गया है।
लिस्टिंग के बाद तीसरा तिमाही अपडेट
ये नतीजे HDB Financial Services के जुलाई में शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद तीसरे तिमाही नतीजे हैं। कंपनी देशभर में 1,747 से ज्यादा ब्रांचों के जरिए अपना कारोबार चलाती है।
इससे पिछली दो तिमाहियों में कंपनी के मुनाफे में गिरावट देखने को मिली थी। उस वक्त खराब कर्ज बढ़ने का असर नतीजों पर पड़ा था। Q3 के आंकड़े दिखाते हैं कि कंपनी ने उस दबाव से उबरते हुए मजबूती से वापसी की है।
HDB Financial के शेयरों का हाल
HDB Financial Services Ltd के शेयर बुधवार, 14 जनवरी को बीएसई पर 0.59 प्रतिशत टूटकर ₹763.45 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 9.51% गिरा है। यह अपने लिस्टिंग प्राइस से करीब इतना ही नीचे है। कंपनी का मार्केट कैप 63.35 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer:यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।