HDB Financial Q2 Results: नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) HDB Financial Services ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 34.3% बढ़कर 780.2 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 581 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
कंपनी की ब्याज से होने वाली कमाई में भी बढ़ोतरी हुई है। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 15.5% बढ़कर 2,534 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल यह 2,193 करोड़ रुपये थी। वहीं, कंपनी की कुल इनकम 12% बढ़कर 3,188 करोड़ रुपये पहुंच गई। एक साल पहले यह 2,851 करोड़ रुपये थी। प्रोविजन से पहले ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 15.9% बढ़कर 1,774 करोड़ रुपये हो गया।
HDB Financial Services का लोन कारोबार लगातार बढ़ रहा है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 1,24,638 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 1,11,721 करोड़ रुपये था। यानी इसमें 11.6% की बढ़ोतरी हुई।
कंपनी की ग्रॉस लोन बुक भी 11.7% बढ़कर 1,24,469 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल इसी समय यह 1,11,409 करोड़ रुपये थी।
HDB Financial के लिए अच्छी बात यह है कि खराब कर्ज का अनुपात घटा है। ग्रॉस स्टेज 3 लोन का अनुपात पिछले साल के 2.81% से घटकर 2.43% रह गया। वहीं, नेट स्टेज 3 लोन का अनुपात भी 1.27% से घटकर 1.09% पर आ गया। ये आंकड़े बताते हैं कि कर्ज चुकाने में परेशानी वाले लोन का अनुपात कम हुआ है।
कंपनी को खराब कर्ज के लिए कम रकम का प्रावधान भी करना पड़ा। तिमाही में लोन लॉस और प्रोविजन 2.5% घटकर 730 करोड़ रुपये रह गए। पिछले साल यह रकम 748 करोड़ रुपये थी। वहीं, खराब कर्ज के लिए प्रोविजन कवरेज रेशियो 55% रहा। एक साल पहले यह 54.73% था।
हर शेयर पर 2 रुपये का डिविडेंड
HDB Financial ने शेयरधारकों को अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। बोर्ड ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 2 रुपये देने की मंजूरी दी है। इसके लिए 23 अक्टूबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। इसी तारीख के आधार पर तय होगा कि किन शेयरधारकों को डिविडेंड मिलेगा।
नतीजों से पहले शेयर में गिरावट
HDB Financial के नतीजे आने से पहले 14 अक्टूबर को शेयर 4.02% गिरकर 584.55 रुपये पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले इसमें 24.50 रुपये की गिरावट आई।
शेयर का प्रदर्शन इस साल अब तक कमजोर रहा है। 2026 में अब तक यह 23.49% टूट चुका है। पिछले साल जुलाई में लिस्टिंग के बाद यह करीब 31% नीचे आया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।