HDB Financial Services Share Price: मॉर्गन स्टेनली का बढ़ा भरोसा, रेटिंग और टारगेट प्राइस बढ़ाया; शेयर 4% तक उछला

HDB Financial Services Share Price: शेयर को कवर करने वाले 17 एनालिस्ट्स में से 10 ने 'बाय' रेटिंग दी है। कंपनी जुलाई 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 12500 करोड़ रुपये का था। मॉर्गन स्टेनली को उम्मीद है कि कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी वित्त वर्ष 2029 तक 16.8 प्रतिशत हो जाएगा

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 11:53 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मॉर्गन स्टेनली के मुताबिक, हाल ही में HDB Financial Services स्टॉक में आई गिरावट के बाद, वैल्यूएशन आकर्षक हो गई है।

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शेयरों में 20 अगस्त को दिन में 4.5 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 712.25 रुपये के हाई तक गया। खरीद बढ़ने की वजह है मॉर्गन स्टेनली की ओर से मिला अपग्रेड। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए रेटिंग बढ़ाकर 'ओवरवेट' कर दी है। टारगेट प्राइस भी बढ़ाकर 850 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। कहा है कि जून 2026 तिमाही में कंपनी की एसेट क्वालिटी में काफी सुधार देखा गया। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज, HDFC बैंक की NBFC शाखा है। मॉर्गन स्टेनली के मुताबिक, "हाल ही में स्टॉक में आई गिरावट के बाद, वैल्यूएशन आकर्षक हो गई है। शेयर में अच्छी बढ़ोतरी की संभावना है।"

जून 2026 तिमाही में HDB फाइनेंशियल सर्विसेज ने 785 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 38.3 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी की शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 2,509 करोड़ रुपये हो गई। ​ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) रेशियो घटकर 2.34 प्रतिशत पर आ गया। एक साल पहले यह 2.56 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी कम होकर 1.04 प्रतिशत रहा, जो जून 2025 तिमाही में 1.11 प्रतिशत था।

मॉर्गन स्टेनली को उम्मीद है कि HDB फाइनेंशियल सर्विसेज का रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) वित्त वर्ष 2026 के 14 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2029 तक 16.8 प्रतिशत हो जाएगा। यह भी अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 और वित्त वर्ष 2029 के बीच अर्निंग्स प्रति शेयर (EPS) की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) 26% रहेगी।


17 में से 10 एनालिस्ट्स से 'बाय' रेटिंग

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज शेयर को कवर करने वाले 17 एनालिस्ट्स में से 10 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 5 की 'होल्ड' और 2 की 'सेल' की सलाह है। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि दूसरी तिमाही यानि जुलाई-सितंबर से बिजनेस की रफ्तार बेहतर होगी और कंपनी धीरे-धीरे लगभग 18% लोन ग्रोथ के स्तर पर वापस आ जाएगी। बिजनेस लोन ग्रोथ दूसरी तिमाही से मजबूत होने और तीसरी तिमाही में और तेज होने की संभावना है। कंपनी को अपने गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में बढ़ोतरी की काफी गुंजाइश दिख रही है। नेट इंटरेस्ट मार्जिन 8% से ऊपर रहने की उम्मीद है। दूसरी तिमाही में फंड की लागत मोटे तौर पर स्थिर रह सकती है।

KFin Tech Block Deal: एक झटके में बिके ₹1400 करोड़ के शेयर, कीमत 2% तक उछली

जुलाई 2025 में लिस्ट हुई थी HDB Financial Services

HDB फाइनेंशियल सर्विसेज जुलाई 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 12500 करोड़ रुपये का था। कंपनी का मार्केट कैप 57800 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक साल में 11 प्रतिशत नीचे आया है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।