HDFC AMC Share Price: एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (HDFC AMC) के शेयरों में आज लगातार सातवें दिन तेजी का रुझान है। आज की बात करें तो इंट्रा-डे में यह 6 फीसदी से अधिक उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। वहीं सात दिनों में यह 17 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है। एक कारोबारी दिन पहले यानी मंगलवार 15 अक्टूबर को इसने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे और नतीजे के अगले ही दिन यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि इसे लेकर एनालिस्ट्स का रुझान मिला-जुला है। आज BSE पर यह 5.82 फीसदी की बढ़त के साथ 4813.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 6.89 फीसदी उछलकर 4862.00 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर चला गया था। पिछले साल 30 अक्टूबर 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 2,691 रुपये पर था।
कैसी रही HDFC AMC के लिए सितंबर तिमाही?
चालू वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के लिए शानदार रही। सितंबर तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 32 फीसदी उछलकर 576.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान इसका रेवेन्यू 38 फीसदी बढ़कर 887.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
शानदार नतीजे के बावजूद क्यों बंटे एनालिस्ट्स?
एचडीएफसी एएमसी को सितंबर तिमाही में अधिक रेवेन्यू और मुनाफा हासिल हुआ, लेकिन रिजल्ट के बाद एनालिस्ट्स का इस पर रुझान मिला-जुला है। हालांकि यह स्थिति तब है, जब इसे कवर करने वाले 64 फीसदी एनालिस्ट्स ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म सिटी ने 3600 रुपये के टारगेट प्राइस पर सेल रेटिंग दी है। सिटी का कहना है कि ओवरऑल मार्केट ट्रेंड्स स्थिर हो चुका है लेकिन एक्टिव रूप से मैनेज होने वाले औसतन एयूएम मार्केट शेयर में करीब 0.14 फीसदी की गिरावट आई। वहीं जेफरीज ने इसे 5450 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। यह टारगेट इसके लिए हाइएस्ट है। मॉर्गन स्टैनले ने इसकी इक्ववेट रेटिंग बरकरार रखा हुआ है और टारगेट प्राइस 4120 रुपये पर फिक्स किया है। इसे कवर करने वाले 25 एनालिस्ट्स में से 16 ने इसे खरीदारी, 6 ने होल्ड और 3 ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।