HDFC Bank ने अनूप बागची को नया एमडी और सीईओ नियुक्त किया, जानिए कौन हैं बागची

एचडीएफसी बैंक के नए एमडी और सीईओ के पद पर बागची की नियुक्ति को आरबीआई की मंजूरी मिल गई है। वह 27 अक्तूबर को कार्यभार सभालेंगे। अभी शशिधर जगदीशन एचडीएफसी बैंक के एमडी और सीईओ हैं, जो 26 अक्तूबर को रिटायर हो रहे हैं

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 7:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अनूप बागची एचडीएफसी बैंक में शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे।

एचडीएफसी बैंक ने अनूप बागची को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल 27 अक्तूबर से शुरू होगा। एचडीएफसी बैंक के नए एमडी और सीईओ के पद पर बागची की नियुक्ति को आरबीआई की मंजूरी मिल गई है।

शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे बागची

एचडीएफसी बैंक ने इस बारे में 1 अक्तूबर को स्टॉक एक्सचेंजों को बताया। बैंक के वर्तमान एमडी और सीईओ शशिधर जगदीशन 26 अक्तूबर को रिटायर कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वह अपना कार्यकाल बढ़ाना नहीं चाहेंगे। इसके बाद एचडीएफसी बैंक ने नए एमडी और सीईओ की तलाश की प्रक्रिया शुरू की थी।


लीडरशिप को लेकर अनिश्चितता खत्म 

बागची की नियुक्ति के ऐलान से एचडीएफसी बैंक में लीडरशिप को लेकर अनिश्चितता खत्म हो गई है। मनीकंट्रोल ने पहले खबर दी थी कि एचडीएफसी बैंक के एमडी एवं सीईओ पद पर नियुक्ति के लिए जिन दो उम्मीदवारों के नाम की चर्चा चल रही है, उनमें बागची का नाम शामिल है। बागची इससे पहले आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ थे।

तीन साल का होगा बागची का कार्यकाल

HDFC Bank के बॉस के रूप में बागची का कार्यकाल तीन साल के लिए होगा। वह एचडीएफसी बैंक के एडिशनल डायरेक्टर भी होंगे। इस पद पर उनकी नियुक्ति 2 अक्तूबर से प्रभावी होगी। आरबीआई ने बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949 के सेक्शन 35बी के तहत बागची की नियुक्ति और रेम्यूनरेशन को मंजूरी दी है।

तीसरी बार एक्सटेंशन नहीं चाहते थे जगदीशन

जगदीशन ने 29 अगस्त को एचडीएफसी बैंक को बताया था कि वह तीसरी बार अपना कार्यकाल बढ़ाए जाने के पक्ष में नहीं हैं। बैंक के बोर्ड ने उन्हें अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा था। लेकिन जगदीशन ने अपना फैसला बदलने से इनकार कर दिया। एचडीएफसी बैंक ने 12 सितंबर को कहा था कि उसने एमडी एवं सीईओ के पद पर नियुक्ति के लिए दो उम्मीदवारों के नाम आरबीआई को भेजे हैं।

आईसीआईसीआई प्रू के बॉस थे बागची

बागची 2023 से आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ थे। इससे पहले उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली थी। वह ICICI प्रूडेंशियल में आने से पहले आईसीआईसीआई बैंक के बोर्ड में एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर थे।

आईआईटी और आईआईएम से की है पढ़ाई

बागची ने आईआईटी कानपुर से 1990 में केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उसके बाद वह मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए आईआईएम बेंगलोर चले गए। उनका करियर एक इंजीनियर से सफल बैंकर बनने की मिसाल है। फाइनेंस और बैंकिंग की दुनिया का उन्हें व्यापक अनुभव है।

यह भी पढ़ें: शेयर बाजारों में बीते 25 सालों की सबसे लंबी गिरावट, लगातार 8वें हफ्ते गिरे बाजार

बीते एक साल में 25% गिरा है एचडीएफसी बैंक का शेयर

एचडीएफसी बैंक का शेयर 1 अक्तूबर को 1.76 फीसदी चढ़कर 721.20 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक साल में बैंक का शेयर 25 फीसदी से ज्यादा गिरा है। एचडीएफसी बैंक देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक है। इसका मुकाबला ICICI Bank, SBI जैसे दिग्गज बैंकों से है। दिलचस्प है कि ICICI Bank में कई अहम जिम्मेदारियां संभालने के बाद बागची अब एचडीएफसी बैंक का नेतृत्व करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।