जेफरीज की नजर में टाटा ग्रुप का ये स्टॉक! बन सकता है रॉकेट...जानिए नया टारगेट
Tata Steel Share Price Target: APL अपोलो ट्यूब्स के साथ हुई ₹28,000 करोड़ की मेगा डील के बाद टाटा स्टील के शेयरों में तेज गिरावट आई है। कर्ज बढ़ने और शॉर्ट-टर्म दबाव की चिंताओं के बीच शेयर अपने 52-वीक लो के करीब पहुंच गया है। वैसे Macquarie और जेफरीज समेत कई बड़े ब्रोकरेज अब भी इस पर बुलिश हैं और ₹241 तक के टारगेट दे रहे हैं। जानें क्या यह गिरावट खरीदारी का मौका है?
Tata Steel Share Price: टाटा स्टील और APL Apollo Tubes के बीच ₹28,000 करोड़ की मेगा डील के बाद से टाटा ग्रुप की इस दिग्गज मेटल कंपनी के शेयरों में दबाव देखने को मिला। निवेशकों की चिंता इस सौदे की भारी-भरकम फंडिंग, बैलेंस शीट पर बढ़ने वाले कर्ज और शॉर्ट-टर्म मुनाफे पर पड़ने वाले असर को लेकर है। वैसे बाजार की तात्कालिक घबराहट के उलट अधिकांश प्रमुख ब्रोकरेज हाउसेज ने टाटा स्टील पर पॉजिटिव रुख बनाए रखा है।
डील के बाद कैसा रहा टाटा स्टील के शेयर का मूवमेंट?
23 नवंबर को बड़ी गिरावट: डील के ऐलान के बाद सोमवार, 23 नवंबर को टाटा स्टील का शेयर भारी वॉल्यूम के साथ 8.43% टूटकर ₹163 पर बंद हुआ था (कारोबार के दौरान यह करीब 10% तक फिसला था), जबकि इससे पहले 20 नवंबर को यह ₹178 पर बंद हुआ था।
बुधवार, 25 नवंबर को भी शेयर में दबाव जारी रहा और यह इंट्राडे में ₹156.70 के नए 52-वीक लो तक फिसलने के बाद 2.27% की गिरावट के साथ ₹159.30 पर बंद हुआ। इस तरह महज कुछ ही सत्रों में शेयर अपने ₹178 के स्तर से करीब 10.5% नीचे आ चुका है, जबकि इसका 52-वीक हाई ₹224.40 है।
क्या है ₹28,000 करोड़ की मेगा डील?
23 नवंबर को टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो में 9.99% प्रमोटर हिस्सेदारी लगभग ₹5,820 करोड़ में खरीदी। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की मंजूरी के बाद कंपनी ₹2,100 प्रति शेयर पर करीब ₹7,000 करोड़ में 12% अतिरिक्त प्रमोटर हिस्सेदारी खरीदेगी और ₹2,301 प्रति शेयर के भाव पर 26% हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाएगी। आगे चलकर 4.6% अतिरिक्त प्रमोटर हिस्सेदारी खरीदने का विकल्प भी खुला है। यदि ओपन ऑफर पूरी तरह सब्सक्राइब होता है, तो एपीएल अपोलो में टाटा स्टील की हिस्सेदारी 52.38% तक पहुंच सकती है।
शेयरधारकों की मंजूरी के बाद एपीएल अपोलो ₹28,000 करोड़ में टाटा स्टील के ट्यूब्स (₹11,700 करोड़) और कलर-कोटेड स्टील (₹16,300 करोड़) कारोबार का अधिग्रहण करेगी। मॉर्गन स्टेनली के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया 31 मार्च 2028 तक पूरी होने की उम्मीद है। इस सौदे के जरिए कंपनी अगले 5 वर्षों में 15.5 मिलियन टन (MTPA) की वार्षिक डाउनस्ट्रीम क्षमता, ₹10,000 करोड़ का EBITDA और कर्ज-मुक्त बैलेंस शीट हासिल करना चाहती है।
शेयर में गिरावट क्यों आई?
₹28,000 करोड़ के इस सौदे में से लगभग ₹10,000 करोड़ एपीएल अपोलो के पास बाहरी कर्ज के रूप में रहने की उम्मीद है, जबकि शेष ₹18,000 करोड़ को इक्विटी में बदला जाएगा। ब्रोकरेज फर्म JPMorgan और Jefferies का अनुमान है कि एपीएल अपोलो के कर्ज अनुपात को 2–2.5 गुना पर लाने के लिए टाटा स्टील को अगले 12 महीनों में ₹18,000 करोड़ से ₹19,500 करोड़ तक की इक्विटी डालनी पड़ सकती है। वहीं, Axis Capital का मानना है कि कंसोलिडेटेड नेट डेट 33% बढ़कर ₹1.22 लाख करोड़ हो सकता है। यही वजह है कि शॉर्ट-टर्म में निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
टाटा स्टील का नया टारगेट क्या है?
हालिया गिरावट के बाद टाटा स्टील का शेयर कई ब्रोकरेज के टारगेट प्राइस से काफी नीचे आ गया है। प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों के टारगेट और रेटिंग इस प्रकार हैं:
Macquarie: Outperform रेटिंग के साथ ₹241 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा भाव (₹159.30) से करीब 51% की संभावित तेजी दर्शाता है। ब्रोकरेज के अनुसार, 3–4 साल में यह डील EPS बढ़ाने वाली होगी और संयुक्त क्षमता 7.5 MTPA तक पहुंचेगी।
Jefferies: Buy रेटिंग के साथ ₹240 का टारगेट प्राइस तय किया है, जिसमें मौजूदा स्तर से करीब 50.6% का अपसाइड दिखता है। ब्रोकरेज का मानना है कि हाई-वैल्यू बिजनेस जुड़ने से पोर्टफोलियो मजबूत होगा और 5.7x FY28 EV/EBITDA पर वैल्यूएशन आकर्षक है।
CLSA: Outperform रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹225 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 41% ऊपर है। ब्रोकरेज के मुताबिक वैल्यूएशन थोड़ा महंगा है, लेकिन अतिरिक्त इक्विटी न लगने पर डील वैल्यू-न्यूट्रल रहेगी।
Anand Rathi: Buy रेटिंग के साथ ₹220 का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 38% की संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज को बेहतर प्रोडक्ट मिक्स से मुनाफे में सुधार और FY26–29 के दौरान 15% EBITDA CAGR की उम्मीद है।
Goldman Sachs: Neutral रेटिंग के साथ ₹215 का टारगेट प्राइस रखा है, जो मौजूदा भाव से करीब 35% अधिक है। ब्रोकरेज के अनुसार यह डील कंपनी की रणनीति के अनुरूप है और 3–3.5 साल में कमाई बढ़ाने वाली साबित होगी।
JPMorgan: Neutral रेटिंग के साथ टारगेट प्राइस को ₹200 से घटाकर ₹179 कर दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 12% की बढ़त दर्शाता है। भारी इक्विटी निवेश और फंडिंग जरूरतों के चलते टारगेट प्राइस में कटौती की गई है।
Axis Capital: Reduce रेटिंग देते हुए टारगेट प्राइस को ₹175 से घटाकर ₹170 कर दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 6.7% का संभावित रिटर्न दिखाता है। ब्रोकरेज ने कंसोलिडेटेड कर्ज बढ़ने और शॉर्ट-टर्म वैल्यूएशन पर मामूली नकारात्मक असर की आशंका जताई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।