HDFC, HDFC Bank Share Price: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक HDFC Bank और मार्गेज लेंडर एचडीएफसी (HDFC) के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव दिख रहा है। आज इनके शेयर आज एक्स-डिविडेंड हो रहे हैं। दोनों एंटिटीज ने शेयरहोल्डर्स को भारी डिविडेंड बांटने का ऐलान किया है और आज इसका एक्स-डिविडेंड डेट है। एचडीएफसी बैंक वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 1900 फीसदी डिविडेंड देगी और एचडीएफसी 2200 फीसदी डिविडेंड देगी। आज एक्स-डिविडेंड के दिन दोनों के शेयर कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में एक फीसदी से अधिक टूट गए हैं। एचडीएफसी 1.88 फीसदी की गिरावट के साथ 2731.80 रुपये और एचडीएफसी बैंक 1.09 फीसदी की गिरावट के साथ 1658 रुपये पर ट्रेड हो रहा है। एक कारोबारी दिन पहले एचडीएफसी बैंक 0.52 फीसदी और एचडीएफसी 0.3 फीसदी उछलकर बंद हुआ था।
कितना डिविडेंड मिलेगा शेयरहोल्डर्स को
निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक एचडीएफसी बैंक ने अप्रैल में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 1900 फीसदी यानी प्रति शेयर 19 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया था। इसके लिए 16 मई का रिकॉर्ड डेट फिक्स किया गया था जो आज ही है। वहीं एचडीएफसी की बात करें तो इसने निवेशकों को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों पर 44 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया था। इसके लिए भी रिकॉर्ड डेट 16 मई का फिक्स किया गया।
HDFC और HDFC Bank के शेयरों की क्या है स्थिति
एचडीएफसी की बात करें तो पिछले साल 17 जून 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 2,026.55 रुपये पर था। इसके बाद एक साल में यह 41 फीसदी ऊपर चढ़कर 4 मई 2023 को एक साल के हाई 2,867 रुपये पर पहुंच गया। वहीं एचडीएफसी बैंक की बात करें तो पिछले साल 17 जून 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 1,271.75 रुपये पर था। इसके बाद खरीदारी बढ़ने पर यह 36 फीसदी उछलकर एक साल के हाई 1,733.95 रुपये पर पहुंच गया।