Hero Motors Share Price: लिस्टिंग के बाद पहला रिजल्ट और अधिग्रहण का ऐलान, दोहरे सपोर्ट पर 7% चढ़ा शेयर

Hero Motors Share Price: ऑटो कंपोनेंट्स और एडवांस्ड मोबिलिटी मैन्युफैक्चरर हीरो मोटर्स के शेयरों ने दोहरे सपोर्ट का ऐसा जश्न मनाया कि सुस्त मार्केट में यह 7% से अधिक उछल पड़ा। एक तरफ सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) रेड और ग्रीन जोन में झूल रहे तो दूसरी तरफ हीरो मोटर्स का शेयर रॉकेट बन गया। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Oct 14, 2026 पर 12:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Hero Motors Share Price: हीरो मोटर्स के शेयरों ने जून तिमाही के धमाकेदार नतीजे और ब्रिटिश सब्सिडियरी में हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना के ऐलान का जश्न मनाया।

Hero Motors Share Price: हीरो मोटर्स ने एक कारोबारी दिन पहले रात में लिस्टिंग के बाद पहली बार रिजल्ट पेश किया और इसके साथ एक बड़ी खरीदारी का ऐलान भी किया। जून तिमाही में मुनाफे में करीब ढाई गुना उछाल और खरीदारी के ऐलान ने मिलकर हीरो मोटर्स के शेयरों में जोश भर दिया और यह 7% से अधिक उछल पड़ा। फिलहाल बीएसई पर यह 3.79% की बढ़त के साथ ₹161.50 पर है। इंट्रा-डे में यह 7.65% चढ़कर ₹167.50 तक पहुंच गया था, जो इसके रिकॉर्ड हाई ₹179.00 के काफी करीब है।

कैसी रही Hero Motors की जून तिमाही

हीरो मोटर्स के लिए चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही धमाकेदार रही। जून 2026 तिमाही में सालाना आधार पर कंसालिडेटेड लेवल पर कंपनी का शुद्ध मुनाफा ₹3.88 करोड़ से 146.93% बढ़कर ₹9.57 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेशंस से रेवेन्यू 24.86% बढ़कर ₹319.32 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी के लिए इस वित्त वर्ष की शुरुआत मजबूत रही। कंपनी का ईबीआईटीडीए भी ₹18.72 करोड़ से 92.04% उछलकर ₹35.95 करोड़ और EBITDA मार्जिन भी 7.32% से 11.26% पर पहुंच गया।


ब्रिटिश कंपनी में हिस्सेदारी बढ़ाने को लेकर क्या है योजना

नतीजे के साथ-साथ हीरो मोटर्स ने खुलासा किया कि वह अपनी ब्रिटिश सब्सिडियरी कंपनी ह्यूलैंड इंजीनियरिंग (Hewland Engineering) में हिस्सेदारी बढ़ाएगी। इसके लिए कंपनी की योजना ह्यूलैंड इंजीनियरिंग के मौजूदा शेयरहोल्डर्स विलियम ह्यूलैंड (William Hewland) और सियोभेन ह्यूलैंड (Siobhan Hewland) से 39% होल्डिंग करीब 6 लाख पाउंड में खरीदेगी। इस खरीदारी के बाद ह्यूलैंड इंजीनियरिंग में हीरो मोटर्स की हिस्सेदारी 51% से बढ़कर 90% हो जाएगी। सौदे के तहत कंपनी £1 की कीमत वाले 8,039 शेयर खरीदेगी। विलियम के पास अभी ह्यूलैंड इंजीनियरिंग के 9090 और सियोभेन के पास 1010 शेयर हैं जो कुल मिलाकर कंपनी की 49% होल्डिंग के बराबर है। यह खरीदारी 6 महीने में पूरी होगी।

अब तक कैसी रही शेयरों की चाल

हीरो मोटर्स के शेयर आईपीओ निवेशकों को ₹84 के भाव पर जारी हुए हैं। आईपीओ को ओवरऑल 7 गुना बोली मिलने के बाद लिस्टिंग पर इसने निराश किया और 23 सितंबर 2026 को इसकी 2% डिस्काउंट पर एंट्री हुई। हालांकि लिस्टिंग के दिन ₹80.50 के लेवल तक टूटने के बाद यह संभल गया और ताबड़तोड़ रिकवरी करते हुए कुछ ही दिनों में 5 अक्टूबर 2026 को ₹179.00 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। इस हाई लेवल पर आईपीओ निवेशकों का पैसा 113% से अधिक हो गया।

Bank of Baroda Share Price: ₹1.42 लाख करोड़ के मुकदमे पर डूबे ₹3700 करोड़, 3% टूटे शेयर, ये है पूरा मामला

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।