HFCL Q1 Results: घाटे से ₹229 करोड़ के मुनाफे में आई कंपनी, 6 महीने में 250% उछला स्टॉक
HFCL Q1 Results: टेलीकॉम इक्विपमेंट और ऑप्टिकल नेटवर्किंग सेक्टर की कंपनी HFCL ने जून तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। कंपनी घाटे से निकलकर ₹228.6 करोड़ के मुनाफे में पहुंच गई, जबकि रेवेन्यू दोगुने से ज्यादा बढ़ा। एक्सपोर्ट, AI कनेक्टिविटी निवेश और मजबूत ऑर्डर बुक के दम पर कंपनी ने FY27 का ग्रोथ गाइडेंस भी बढ़ा दिया। जानिए डिटेल।
HFCL Q1 Results: टेलीकॉम इक्विपमेंट और ऑप्टिकल नेटवर्किंग सेक्टर की कंपनी HFCL Ltd ने जून तिमाही में अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी का रेवेन्यू दोगुने से ज्यादा हो गया और एक साल पहले हुए घाटे से निकलकर कंपनी मुनाफे में लौट आई। मजबूत एक्सपोर्ट, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और ऑपरेटिंग एफिशिएंसी ने नतीजों को सहारा दिया।
नतीजों के बाद बुधवार को HFCL का शेयर एनएसई पर करीब 6.5% चढ़कर ₹228 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली के चलते यह ₹217.95 पर तकरीबन फ्लैट बंद हुआ। पिछले 6 महीने में कंपनी ने 250% का रिटर्न दिया है।
HFCL घाटे से निकलकर मुनाफे में लौटी
अप्रैल-जून तिमाही में HFCL का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा ₹228.6 करोड़ रहा। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को ₹32.2 करोड़ का घाटा हुआ था।
इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 120% बढ़कर ₹1,915 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। EBITDA भी ₹29 करोड़ से बढ़कर ₹414 करोड़ हो गया। वहीं, EBITDA मार्जिन 3.3% से बढ़कर 21.6% पर पहुंच गया।
एक्सपोर्ट बना सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन
HFCL ने बताया कि हाइपरस्केल डेटा सेंटरों से बढ़ती मांग, ऑप्टिकल कनेक्टिविटी सॉल्यूशंस की ग्लोबल डिमांड और बेहतर प्रोडक्ट रियलाइजेशन से कारोबार को मजबूती मिली।
जून तिमाही में एक्सपोर्ट से ₹1,063.3 करोड़ की आय हुई, जो कुल रेवेन्यू का 55.5% रही। पिछले साल इसी तिमाही में एक्सपोर्ट से ₹209.7 करोड़ मिले थे, जो कुल रेवेन्यू का 24.1% था।
कंपनी के प्रोडक्ट बिजनेस का योगदान भी बढ़कर 85% हो गया, जबकि एक साल पहले यह 66% था। HFCL का ऑर्डर बुक भी रिकॉर्ड ₹26,665 करोड़ पर पहुंच गया है। यह FY26 के रेवेन्यू का करीब पांच गुना है।
AI कनेक्टिविटी पर ₹215 करोड़ लगाएगी HFCL
HFCL के बोर्ड ने ₹215 करोड़ के निवेश को मंजूरी दी है। इस रकम से कंपनी एडवांस AI डेटा सेंटर कनेक्टिविटी सॉल्यूशंस के लिए नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाएगी।
कंपनी ऑप्टिकल फाइबर क्षमता को 2.8 करोड़ फाइबर किलोमीटर से बढ़ाकर 3.4 करोड़ फाइबर किलोमीटर करेगी। वहीं, ऑप्टिकल फाइबर केबल क्षमता 3.4 करोड़ फाइबर किलोमीटर से बढ़कर 4.3 करोड़ फाइबर किलोमीटर हो जाएगी। इसके अलावा कंपनी ग्रीनफील्ड प्रीफॉर्म मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी पर भी काम कर रही है।
FY27 के लिए बढ़ाया लक्ष्य
जून तिमाही की मजबूत शुरुआत के बाद HFCL ने FY27 के लिए अपना रेवेन्यू ग्रोथ लक्ष्य बढ़ा दिया है। अब कंपनी को वित्त वर्ष 2027 में 40% रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद है, जो उसके पहले के अनुमान से ज्यादा है।
मैनेजिंग डायरेक्टर महेंद्र नाहटा ने कहा कि AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑप्टिकल कनेक्टिविटी और डिफेंस मॉडर्नाइजेशन जैसे क्षेत्रों में तेजी से अवसर बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, कंपनी की बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, टेक्नोलॉजी पोर्टफोलियो और वैश्विक मौजूदगी लंबे समय में मजबूत ग्रोथ दिलाने में मदद करेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।