High Return Stock: लिस्ट होने के बाद किसी शेयर में शायद ही कभी लगातार अपर सर्किट लगा होगा। हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुए ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर में ऐसा हो रहा है। 9 सितंबर को इस शेयर में लगातार चौथे सत्र अपर सर्किट लगा। इससे आईपीओ के प्राइस से शेयर का प्राइस 230 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। यह शेयर 4 सितंबर को स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्ट हुआ था।
9 सितंबर को भी 10% उछाल के बाद लगा अपर सर्किट
ESDS Software Solution के शेयर 9 सितंबर को 10 फीसदी उछलकर 1,438.85 रुपये पर पहुंच गए। इसके बाद इसमें अपर सर्किट लग गया। इससे पहले के तीन सत्रों में शेयर में 20 फीसदी उछाल के बाद अपर सर्किट लगा था। फिर 9 सितंबर यानी बुधवार को अपर सर्किट के लिए प्राइस बैंड लिमिट बदलकर 10 फीसदी कर दिया गया।
शेयर ने एक हफ्ते से कम समय में पैसा तीन गुना किया
कंपनी ने आईपीओ में शेयर का प्राइस 408-429 रुपये तय किया था। 429 रुपये के आईपीओ प्राइस से यह शेयर 1,418.50 रुपये पर पहुंच गया है। इसका मतलब है कि इस शेयर निवेशकों का पैसा एक हफ्ते से कम समय में तीन गुना से ज्यादा कर दिया है।
एनालिस्ट्स ने कहा कि इस शेयर में जारी रह सकती है तेजी
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर के शेयर को लेकर एनालिस्ट्स की राय पॉजिटिव है। ब्रोकरेज फर्म चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के एनालिस्ट्स ने इस शेयर के लिए 1,550 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि यह शेयर मौजूदा लेवल से 9 फीसदी से ज्यादा चढ़ सकता है। यह शेयर 4 सितंबर को NSE पर 76.46 फीसदी प्रीमियम के साथ 757 रुपये पर लिस्ट हुआ था।
यह आईपीओ 135 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था
लिस्टिंग के दिन यानी 4 सितंबर को कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन बीएसई पर 10,496.83 करोड़ रुपये पहुंच गई थी। अब यह 16,626.38 करोड़ रुपये हो गई है। यह 6,129.55 करोड़ रुपये का इजाफा है। इस आईपीओ को निवेशकों का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला था। यह 135 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। यह AI-इनेबल्ड क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्रोवाइड करती है।
शेयर के प्रमुख सूचकांकों पर लगातार तीसरे दिन दबाव
खास बात यह है कि इस शेयर में तब लगातार अपर सर्किट लग रहा है, जब शेयर बाजार और खासकर आईटी शेयरों पर बड़ा दबाव दिख रहा है। 9 सितंबर को बाजार के प्रमुख सूचकांक निफ्टी और सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन दिन तेजी दिखी। उधर, निफ्टी आईटी इंडेक्स पर भी दबाव दिखा। सबसे ज्यादा गिरावट कोफोर्ज के शेयरों में देखने को मिली।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।