अगर आप निवेश के लिए किसी बेहतर स्टॉक की तलाश में हैं तो Hindalco के शेयरों पर नजर रख सकते हैं। यह स्टॉक शुक्रवार को 0.36 फीसदी गिरकर 477.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 1.07 लाख करोड़ रुपये है। इसका 52-वीक हाई 508.80 रुपये और 52-वीक लो 358.80 रुपये है। दरअसल, ब्रोकरेज फर्म इस शेयर को लेकर बुलिश नजर आ रहे हैं। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने 20 सितंबर 2023 की अपनी रिसर्च रिपोर्ट में इस स्टॉक में तेजी की संभावना जताई है। ब्रोकरेज ने हिंडाल्को के शेयरों को Buy रेटिंग दी है और 550 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। इस हिसाब से निवेशकों को मौजूदा मार्केट प्राइस के मुकाबले करीब 15 फीसदी मुनाफा होने की संभावना है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में क्या कहा?
ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा, "हिंडाल्को (HNDL) ने अगले पांच सालों में कई प्रोजेक्ट्स के लिए USD4.4b के कैपिटल एक्सपेंडिचर की योजना बनाई है। इसमें संयुक्त राज्य अमेरिका में FRP कैपिसिटी विस्तार, उत्कल में अपस्ट्रीम विस्तार, स्पेशल एल्यूमिना बिजनेस कैपिसिटी और डाउनस्ट्रीम एल्यूमीनियम कैपिसिटी शामिल हैं।
ब्रोकरेज फर्म ने आगे कहा, HNDL को उम्मीद है कि 4QFY24 तक Novelis का EBITDA/t USD525 तक पहुंच जाएगा। हमारा मानना है कि HNDL मजबूत विकास अवसरों का लाभ उठाने के लिए सही समय पर डाउनस्ट्रीम कैपिसिटी जोड़ रहा है।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का मुनाफा वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में घटकर 600 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 1448 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। Q1FY24 में ऑपरेशन से कंपनी का स्टैंडअलोन राजस्व सालाना आधार पर 19,518 करोड़ रुपये से 2 फीसदी बढ़कर 19,904 करोड़ रुपये हो गया।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में हिंडाल्को के शेयरों में करीब 5 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, पिछले 6 महीने में इसने 23 फीसदी का रिटर्न दिया है। हालांकि इस साल अब तक इसमें 2 फीसदी की गिरावट देखी गई है। पिछले एक साल में निवेशकों को 27 फीसदी का मुनाफा हुआ है।