डिफेंस सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयरों में 18 मई को लगातार तीसरे दिन गिरावट दिखी। शेयर बीएसई पर पिछले बंद भाव से लगभग 5 प्रतिशत नीचे आया और 4,175 रुपये के लो तक चला गया। पिछले 3 दिनों में शेयर 10 प्रतिशत तक कमजोर हुआ है। कंपनी के जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के कमजोर नतीजे और Tejas Mk1A की डिलीवरी में देरी को लेकर लगातार बरकरार चिंताओं का निवेशकों के सेंटिमेंट पर बुरा असर पड़ा है।
हालांकि एक दिन पहले ऐसी खबर आई कि अब वायुसेना को तेजस एमके1ए (Tejas Mk1A) लड़ाकू विमानों की डिलीवरी जल्द हो सकती है। HAL ने इनकी डिलीवरी अगस्त या सितंबर तक शुरू होने की उम्मीद जताई है। HAL को जीई एयरोस्पेस से अब तक छह इंजन मिल चुके हैं। साथ ही चालू वित्त वर्ष 2027 में अभी और इंजन मिलने की उम्मीद है। इससे लंबे समय से अटके फाइटर जेट प्रोग्राम को लेकर स्थिति कुछ स्पष्ट हुई है।
वित्तीय नतीजों की बात करें तो कंपनी का मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5.5 प्रतिशत बढ़कर 4,196 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 3,977 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 1.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 13942 करोड़ रुपये हो गया।
HAL शेयर को लेकर जेफरीज की क्या है राय
जेफरीज ने HAL के शेयर के लिए 6,300 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' कॉल बरकरार रखी है। हालांकि ब्रोकरेज का यह भी कहना है कि कंपनी का मार्च 2026 तिमाही का EBITDA, अनुमान से 10 प्रतिशत कम रहा। इसकी वजह रेवेन्यू में 9 प्रतिशत की कमी थी। ब्रोकरेज ने कंपनी के लिए FY27-FY28 के कमाई के अनुमानों को भी 3-8 प्रतिशत तक घटा दिया। इसका कारण कमजोर ग्रॉस मार्जिन है। यह भी कहा कि अगर अगले तीन महीनों में Tejas Mk1A विमानों की डिलीवरी शुरू हो जाती है, तो स्टॉक में रिकवरी देखने को मिल सकती है।
UBS ने 3,200 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'सेल' रेटिंग बरकरार रखी है। उसका कहना है कि मैनेजमेंट के पहले के गाइडेंस के बावजूद अब तक तेजस की कोई डिलीवरी नहीं हुई है। इससे काम के एग्जीक्यूशन और लंबी अवधि की ग्रोथ की संभावनाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। CLSA ने 5,265 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है। कहा है कि HAL की कमाई को इंजन डिलीवरी, हेलीकॉप्टरों और ट्रेजरी इनकम से सहारा मिला। ब्रोकरेज ने Mk1A की डिलीवरी की शुरुआत और GE Aerospace इंजन डील पर स्पष्टता को नजदीकी भविष्य के लिए अहम ट्रिगर बताया है। ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 5255 रुपये से घटाकर 5225 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।