Hindustan Zinc Shares Fall: हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में आज वेदांता के चलते बिकवाली की ऐसी आंधी आई कि यह करीब 7% टूट गया। आज की गिरावट के साथ लगातार छह कारोबारी दिनों में यह 14% से अधिक टूटा है। आज शेयरों में जो गिरावट आई है, वह वेदांता की एक ब्लॉक डील के चलते आई जिसके तहत अनिल अग्रवाल की माइनिंग कंपनी ने हिंदुस्तान जिंक के 6.67 करोड़ शेयर बेचे हैं यानी कि 1.6% हिस्सेदारी हल्की की है। ₹3028 करोड़ की इस ब्लॉक डील से हिंदुस्तान जिंक के शेयरों पर दबाव पड़ा और इंट्रा-डे में बीएसई पर यह 7.18% फिसलकर ₹451.50 पर आ गया।
निचले स्तर पर खरीदारी के चलते रिकवरी तो हुई लेकिन अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज हिंदुस्तान जिंक का शेयर 6.89% की गिरावट के साथ ₹452.90 पर बंद हुआ है। वेदांता के शेयरों में भी आज बिकवाली का दबाव दिखा। इंट्रा-डे में यह 1.18% फिसलकर ₹453.50 पर आ गया था। आज यह 0.54% की गिरावट के साथ ₹456.40 पर बंद हुआ है।
Hindustan Zinc के शेयरों की Vedanta ने किस भाव पर की ब्लॉक डील?
वेदांता ने ₹3028 करोड़ की ब्लॉक डील के तहत हिंदुस्तान जिंक के 6.67 करोड़ शेयर (1.6% हिस्सेदारी) बेचे हैं। इन शेयरों की बिक्री औसतन ₹453.97 के भाव पर पर हुई। इस ब्लॉक डील के लिए डीएम कैपिटल एडवाइजर्स और सिटी ने बैंकर्स का काम किया। अब हिंदुस्तान जिंक में वेदांता के शेयरहोल्डिंग की बात करें तो दिसंबर 2024 तिमाही तक के आंकड़ों के हिसाब से इसमें वेदांता की हिस्सेदारी 63.42% थी।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
वेदांता के शेयर पिछले साल 16 दिसंबर 2024 को एक साल के हाई ₹527 पर थे। इस हाई से 4 महीने से भी कम समय में यह 31.27% टूटकर 7 अप्रैल 2025 को एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर ₹362.20 पर आ गया। वहीं अब हिंदुस्तान जिंक के शेयरों की बात करें तो पिछले साल बीएसई पर यह 8 जुलाई 2024 को एक साल के रिकॉर्ड हाई ₹717.10 पर था जिससे 8 महीने में यह 47.20% फिसलकर 3 मार्च 2025 को एक साल के निचले स्तर ₹378.65 पर आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।