Adani Wilmar share price : अडानी विलमर के शेयर में शानदार रैली गुरुवार को भी जारी रही। एफएमसीजी स्टॉक का शेयर मजबूती के साथ खुला और पूर्वाह्न लगभग 11 बजे लगभग 20 फीसदी का अपर सर्किट लग गया और शेयर 386.25 रुपये पर पहुंच गया। स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्टॉक की कीमत खासी बढ़ चुकी है और मौजूदा स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग करनी चाहिए। हालांकि, हाई रिस्क ट्रेडर्स 319 रुपये के स्टॉपलॉस के साथ इस स्टॉक को होल्ड कर सकते हैं, क्योंकि मौजूदा स्तरों से यह स्टॉक 410 रुपये के स्तर पर जा सकता है।
हाई रिस्क ट्रेडर 410 रुपये के टारगेट के लिए करें होल्ड
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट में आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता ने कहा, “आज Adani Wilmar ने 350 का स्तर तोड़ दिया और इसके ऊपर बना हुआ है। जिनके पास यह शेयर है और ज्यादा रिस्क ns सकते हैं, वे 328 रुपये के ट्रेडिंग स्टॉपलॉस के साथ इसे 400 से 410 रुपये के टारगेट के लिए होल्ड कर सकते हैं।”
मौजूदा स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग की सलाह
जीसीएल सिक्योरिटीज के वाइस चेयरमैन रवि सिंघल ने कहा, “लिस्टिंग के बाद से अडानी ग्रुप के शेयर में मजबूती दिख रही है और इनवेस्टर्स को इस स्टॉक में मौजूदा स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग की सलाह है। हाई रिस्क ट्रेडर्स 321.90 रुपये के स्टॉपलॉस के साथ इसे होल्ड कर सकते हैं।”
स्टॉक में नहीं थी इतनी तेजी की उम्मीद
प्रॉफिटमार्ट सिक्योरिटी के हेड ऑफ रिसर्च अविनाश गोरक्षकर ने कहा, “Adani Wilmar में मौजूदा स्तरों पर नई पोजिशन लेने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें कभी भी प्रॉफिट बुकिंग शुरू हो सकती है। Adani Wilmar एक एफएमसीजी कंपनी है और यह लगभग 5-6 फीसदी के मार्जिन के साथ ऑपरेट करती है। इसलिए, इस स्टॉक में इतनी ज्यादा तेजी की उम्मीद नहीं थी। ऐसे में जब इतना ज्यादा प्रॉफिट उपलब्ध है तो शेयरहोल्डर्स के लिए प्रॉफिट बुक करना बेहतर है और शेयर में फिर से खरीदारी के लिए गिरावट का इंतजार करना चाहिए।”
3 दिन में दिया 68 फीसदी का रिटर्न
अडानी विलमर के शेयर का मंगलवार को एनएसई पर 227 रुपये प्रति शेयर पर आगाज हुआ, जो उसके 230 रुपये के अपर प्राइस बैंड से 3 रुपये कम था। हालांकि, बाद में इसमें तेजी आई और एनएसई पर 268.25 रुपये पर बंद हुआ, जो गुरुवार को 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 386 रुपये के स्तर पर है। इस प्रकार लिस्टिंग के बाद 3 दिन में शेयर लगभग 68 फीसदी का रिटर्न दे चुका है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल पर इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट्स के विचार और निवेश के टिप्स उनके अपने हैं, वेबसाइट या उसके मैनेजमेंट के नहीं। मनीकंट्रोल अपने यूजर्स को निवेश से जुड़े फैसले लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट्स से संपर्क करने की सलाह देते हैं।