Bain Capital acquires IIFL Wealth : बेन कैपिटल 3,679.95 करोड़ रुपये में आईआईएफएल वेल्थ मैनेजमेंट की 24.98 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए सहमत हो गई है। यह हिस्सेदारी आईआईएफएल वेल्थ के मौजूदा प्राइवेट इक्विटी इनवेस्टर्स जनरल अटलांटिक (General Atlantic) और प्रेम वत्स (Prem Watsa) की फेयरफैक्स होल्डिंग्स (Fairfax Holdings) से खरीदी जाएगी। वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी है।
1,661 रुपये प्रति शेयर पर होगा सौदा
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बोस्टन, मैसाचुसेट्स हेडक्वार्टर वाली कंपनी 1,661 रुपये प्रति शेयर की दर से जनरल अटलांटिक सिंगापुर फंड और फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉरपोरेशन के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी एफआईएच मॉरिशस इनवेस्टमेंट्स से शेयर खरीदेगी। इसके लिए अभी रेगुलेटरी और अन्य जरूरी मंजूरियां लेनी होंगी।
बेन कैपिटल का निवेश हमारी क्षमता का प्रमाण : एमडी
आईआईएफएल वेल्थ मैनेजमेंट के एमडी और सीईओ करण भगत ने कहा, “बेन कैपिटल का निवेश इसके फाइनेंशियल सर्विसेज में हमारी मजबूत लीडरशिप और बिजनेस करने और उसे बढ़ाने की हमारी टीम की क्षमता का प्रमाण है।”
जनरल अटलांटिक ने अक्टूबर, 2015 में 1,122 करोड़ रुपये में कंपनी की 21.6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। भारत में जन्मे प्रेम वत्स की अगुआई वाली फेयरफैक्स ने इसमें सबसे पहले 2011 में निवेश किया था, जब उन्होंने हैंबलीन वत्स इनवेस्टमेंट काउंसिल फंड से 9 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। फंड की वर्तमान में कंपनी में लगभग 13.6 फीसदी हिस्सेदारी है।
भारत का प्रीमियम ब्रांड है आईआईएफएल वेल्थ
बेन कैपिटल के एमडी पवन सिंह ने कहा, “हम करण, यतिन और आईआईएफएल वेल्थ की मैनेजमेंट टीम के साथ जुड़कर खासे खुश हैं। उन्होंने इनोवेशन, कस्टमर सर्विस और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर भारत में वेल्थ और एसेट मैनेजमेंट एक प्रीमियम ब्रांड तैयार किया है।”
अमीरों को सॉल्युशंस की पेशकश करती है कंपनी
2008 में स्थापित, आईआईएफएल वेल्थ की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी अमीरों, फैमिली ऑफिसेज और इंस्टीट्यूशनल क्लाइंट्स को सॉल्युशंस की पेशकश करती है। मुंबई बेस्ड कंपनी की 44 अरब डॉलर से ज्यादा एसेट अंडर मैनेजमेंट है। आईआईएफएल वेल्थ के 850 कर्मचारी हैं और उसकी 4 बड़े ग्लोबल फाइनेंशियल हब और भारत में 23 स्थानों पर मौजूदगी है।
कंपनी अमीरों और फैमिली ऑफिसेज के लिए वेल्थ और एसेट्स का प्रबंधन करती है। जेपी मॉर्गन ने इस सौदे के लिए फाइनेंशियल एडवाइजर के रूप में काम किया है। एक्सिस कैपिटल और नोवाध्रुवा ने बेन कैपिटल के लिए फाइनेंशियल एडवाइजर्स के रूप में काम किया।