Bajaj Finserv Q4 Result : कंपनी का मुनाफा 37% बढ़ा, 4 रुपये डिविडेंड का हुआ ऐलान

Bajaj Finserv का मुनाफा सालाना आधार पर 37.5 प्रतिशत बढ़कर 1,346.1 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Apr 28, 2022 पर 3:15 PM
Bajaj Finserv के बोर्ड ने 4 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड शेयरधारकों को देने की सिफारिश की

बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) ने आज यानी 28 अप्रैल को वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही के लिए अपने नतीजे घोषित कर दिये। मार्च में समाप्त तिमाही के लिए कंपनी ने शानदार नतीजे पेश किये हैं। कंपनी के मुनाफे में जोरदार इजाफा देखने को मिला है। सालाना आधार पर बजाज फिनसर्व का मार्च में समाप्त तिमाही के लिए मुनाफा में 37.5 प्रतिशत बढ़कर 1,346.1 करोड़ रुपये हो गया।

नॉन-बैंक फाइनेंस कंपनी की कुल आय 22 प्रतिशत बढ़कर 18,861.7 करोड़ रुपये रही। बोर्ड ने शेयरधारकों को प्रति शेयर 4 रुपये का डिविडेंड देने की सिफारिश की है।

कंपनी की मजबूत टॉपलाइन ग्रोथ उसके बीमा कारोबार की वजह से देखने को मिली। सालाना आधार पर जीवन बीमा (life insurance) कारोबार का प्रीमियम 27 प्रतिशत बढ़कर 5,718.7 करोड़ रुपये रहा। वहीं दूसरी तरफ साधारण बीमा (general insurance) का प्रीमियम सालाना आधार पर 18.4 प्रतिशत बढ़ गया।


बजाज फिनसर्व ने कहा, "वित्त वर्ष 22 की चौथी तिमाही में व्यावसायिक परिस्थितियों में काफी सुधार हुआ। हालांकि यूक्रेन में चल रहे युद्ध के कारण इसमें उतार-चढ़ाव नजर आया।"

खिलाड़ी नंबर 1 : एक खिलाड़ी ने 3 दिनों में कमाया 7% का रिटर्न, जानें आज कहां लगा रहे हैं दांव

कंपनी ने कहा कि सप्लाई चैन की दिक्कतों के कारण ऑटोमोबाइल की कम बिक्री ने साधारण बीमा व्यवसाय पर असर डाला। फिर भी कुल मिलाकर कारोबार अनुकूल रहा और इसके सभी व्यवसायों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

सालाना आधार पर बजाज आलियांस जनरल इंश्योरेंस कंपनी (Bajaj Allianz General Insurance Company) का चौथी तिमाही में मुनाफा 248 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 278 करोड़ रुपये रहा था।

सालाना आधार पर बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस (Bajaj Allianz Life Insurance) का चौथी तिमाही में मुनाफा घटकर 48 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 234 करोड़ रुपये रहा था।

चौथी तिमाही में कंपनी के जीवन बीमा कारोबार का एयूएम सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 86,623 करोड़ रुपये रहा।

चौथी तिमाही में कंपनी के साधारण बीमा का एयूएम पिछले साल के 23,150 करोड़ रुपये की तुलना में 24,633 करोड़ रुपये रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (National Stock Exchange) पर में दोपहर 2:10 बजे बजाज फिनसर्व का शेयर 1.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 14,993.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)

 

 

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।