Bandhan Bank Q3 Results: बंधन बैंक (Bandhan Bank) ने आज 21 जनवरी को अपने तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा की। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 35.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 859 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा 633 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। वहीं सालाना आधार पर दिसंबर 2021 को समाप्त तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (Net interest income (NII) 2.6 प्रतिशत बढ़कर 2,124.7 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बैंक की NII 2,071.7 करोड़ रुपये रही थी।
तीसरी तिमाही के लिए बैंक की गैर-ब्याज आय (Non-interest income) 26.7 प्रतिशत बढ़कर 712.3 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले साल की तीसरी तिमाही में बैंक की गैर-ब्याज आय 562.3 करोड़ रुपये रही थी
सालाना आधार पर तीसरी तिमाही के लिए बैंक का ऑपरेटिंग मुनाफा 1.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,950.1 करोड़ रुपये रहा। जबकि FY22 की तीसरी तिमाही के लिए शुद्ध ब्याज मार्जिन (वार्षिक) 7.8 प्रतिशत रही जबकि सितंबर 2021 तिमाही में ये 7.6 प्रतिशत रही थी।
बैंक ने कहा है कि 31 दिसंबर 2021 तक कुल डिपॉजिट 18.7 प्रतिशत बढ़कर 84,499.8 करोड़ रुपये हो गया है।
बैंक ने यह भी बताया कि 31 दिसंबर 2021 तक उसका कुल नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स (NPAs) 9,441.6 करोड़ रुपये (10.81 प्रतिशत) रहा है, जबकि 30 सितंबर, 2021 को यह 8763.6 करोड़ रुपये (10.82 प्रतिशत) रहा था।
31 दिसंबर, 2021 को शुद्ध एनपीए (Net NPAs) 2,413.1 करोड़ रुपये (3.01 प्रतिशत) रहा, जबकि 30 सितंबर, 2021 को यह 2,265.8 करोड़ रुपये (3.04 प्रतिशत) रहा था।
बंधन बैंक के एमडी और सीईओ चंद्रशेखर घोष ने नतीजों पर कहा, "हमने तिमाही के दौरान बेहतर कलेक्शन और डिस्बर्समेंट में वृद्धि के साथ चौतरफा रिकवरी देखी है।"
बंधन बैंक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 31 दिसंबर, 2021 तक उसके 5,626 आउटलेट थे। बैंक के नेटवर्क में 1,176 शाखाएं, 4,450 बैंकिंग यूनिट्स हैं, जबकि 31 दिसंबर, 2020 तक बैंक के पास 1,107 शाखाएं और 4,090 बैंकिंग यूनिट्स थीं।
31 दिसंबर, 2021 को एटीएम की कुल संख्या 489 थी, जबकि 31 दिसंबर, 2020 को एटीएम की संख्या 487 रहीं थी। तीसरी तिमाही के दौरान बैंक के कर्मचारियों की संख्या 52,976 से बढ़कर 55,341 हो गई हैं।