भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronics) के शेयर में आज मजबूती में कारोबार होता हुआ दिखाई दिया। आज वीकली एक्सपायरी के दिन 27 अक्टूबर को ये स्टॉक 2.7 प्रतिशत बढ़कर 108 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी की अच्छी ऑर्डर बुक के दम पर मजबूत आय के चलते बाजार में स्टॉक ने आज तेजी में कारोबार किया। 30 सितंबर को समाप्त तिमाही के लिए अच्छे नतीजे दर्ज करने के बाद कंपनी का स्टॉक आज बढ़त के साथ बंद हुआ।
कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा 611.05 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की तिमाही से 0.25 प्रतिशत कम रहा। इनपुट लागत के बढ़ने की वजह से मुनाफे पर असर हुआ। वहीं अच्छी ऑर्डर बुक के हिसाब से काम करने ऑपरेशन से स्टैंडअलोन आय सालाना आधार पर 7.8 प्रतिशत बढ़कर 3,946 करोड़ रुपये हो गई।
भारत सरकार की नवरत्न कंपनियों में शामिल डिफेंस सेक्टर की सार्वजनिक कंपनी ने कहा कि 1 अक्टूबर, 2022 तक उसकी ऑर्डर बुक 52,795 करोड़ रुपये की थी।
इस कंपनी के स्टॉक पर एनालिस्ट्स ने अपनी "खरीद" कॉल को बनाए रखा है।
रिलायंस सिक्योरिटीज के अराफात सैय्यद (Arafat Saiyed, Reliance Securities) ने कहा, "भारत इलेक्ट्रॉनिक्स ने चुनौतीपूर्ण समय में Q2FY23 में अच्छा प्रदर्शन किया। इसके टीटीएम (पिछले बारह महीने) की आय के लिहाज से ऑर्डर बुक 3.1 गुना रही। " जबकि Q2FY23 के लिए ऑर्डर फ्लो 62 प्रतिशत घटकर 1,420 करोड़ रुपये हो गया।
सितंबर FY23 तिमाही के लिए कंपनी का EBITDA 856 करोड़ रुपये के रूप में सपाट रहा। इसकी मार्जिन साल-दर-साल 171 बीपीएस गिरकर 21.68 प्रतिशत हो गई। इस तरह मार्जिन मैनेजमेंट के 20-22 प्रतिशत के गाइडेंस के उच्च बैंड के पास रही।
अगर छमाही आधार पर देखें तो 30 सितंबर को समाप्त छमाही में, स्टैंडअलोन मुनाफा 67 प्रतिशत बढ़कर 1,042.5 करोड़ रुपये हो गया। जबकि ऑपरेशंस से आय 33 प्रतिशत बढ़कर 7,058.6 करोड़ रुपये हो गई।
रिलायंस सिक्योरिटीज ने BEL पर सकारात्मक नजरिया बनाये रखा है। डिफेंस सेक्टर में सरकार के फोकस और खर्च बढ़ाने से इस कंपनी को फायदा होगा। ब्रोकरेज को लगता है आने वाले कुछ वर्षों में कंपनी डबल डिजिट ग्रोथ दिखायेगी।
Reliance Securities ने इस स्टॉक पर खरीदारी की रेटिंग दी है। वहीं दूसरे घरेलू ब्रोकरेज हाउस Prabhudas Lilladher ने भी इस स्टॉक पर खरीदारी की रेटिंग दी है। उन्होंने इसका टारगेट प्राइस बढ़ाकर 125 रुपये तय किया है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )