Bharti Airtel stock : भारती एयरटेल का शेयर अपने 4 मार्च के 650 रुपये के हालिया निचले स्तर से बढ़कर बुधवार को 769.75 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस अवधि में शेयर ने 18.4 फीसदी की दमदार तेजी दिखाई है, जबकि बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 7 फीसदी ही चढ़ा है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी को हाल में किए गए 8,815 करोड़ रुपये की डिफर्ड लायबिलिटीज के भुगतान का फायदा मिलता दिख रहा है।
ब्रोकरेज ने दिया 910 रुपये तक का टारगेट
एयरटेल की हाल में हुई एनालिस्ट मीट में भाग लेने वाले कुछ ब्रोकरेज ने कहा कि कई फैक्टर्स के चलते स्टॉक में मजबूती आने और कुछ बिजनेसेस की वैल्यू बढ़ने की संभावना है। उन्होंने शेयर के लिए 910 रुपये तक का टारगेट दिया है, जो बुधवार के उच्चतम स्तर से 18 फीसदी ज्यादा है।
जेएम फाइनेंशियल ने शेयर के लिए 900 रुपये का टारगेट तय किया है, क्योंकि उसे टैरिफ में ज्यादा बार बढ़ोतरी की उम्मीद है। उधर जियो भी अपनी प्रॉफिटेबिलिटी पर ध्यान देते हुए टैरिफ बढ़ाने के लिए तैयार है।
ARPU में अच्छी बढ़त की है उम्मीद
मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज ने कहा, “मार्केट शेयर में अच्छी बढ़त, ARPU में संभावित बढ़ोतरी और फीचर फोन से स्मार्टफोन की ओर शिफ्ट होने के बढ़ते अवसरों के साथ मोबिलिटी बिजनेस मजबूत हो रहा है।”
मैनेजमेंट की मीडियम टर्म में 300 रुपये के एआरपीयू (एवरेज रेवेन्यु पर यूजर) पर नजर है और वह 4 करोड़ फीचर फोन के स्मार्टफोन में अपग्रेड होने की उम्मीद कर रहा है। उसे मई-जून तक 5जी स्पेक्ट्रम (5G spectrum) का ऑक्शन होने की उम्मीद है, लेकिन मैनेजमेंट ने दोहराया कि वह 5जी के रोलआउट के चलते अगले 2-3 साल में पूंजी खर्च में ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं कर रहा है।
एडेलवीज ने दिया 866 रुपये का टारगेट
एडेलवीज ने कहा, भले ही कुछ इनवेस्टर्स की भारती की इंडस पर रणनीति बदलने की चिंता सही है, लेकिन मैनेजमेंट ने स्पष्ट कर दिया है कि यह निवेश सिर्फ शेयरहोल्डिंग को स्थिर करने के लिए किया गया है जिससे सुनिश्चित होगा कि भारती नेटवर्क पर कोई रिस्क नहीं है। भारती ने हाल में इंडस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।
एडेलवीज ने भारती एयरटेल (Bharti Airtel) की वैल्यू वित्त वर्ष 23 के ईवी/एबिटडा से 7.7 गुनी आंकी है और इसके लिए 866 रुपये का टारगेट दिया है।
स्टॉक के लिए 910 रुपये का टारगेट देने वाले ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि भारती की डिजिटल एसेट्स कस्टमर्स को प्रीमियम सुविधाएं दे रही हैं, जिससे बेहतर रेवेन्यू की उम्मीद है। होम्स, एंटरप्राइज सेगमेंट और पेमेंट्स बैंक में अच्छी ग्रोथ के साथ उसके कुल रेवेन्यू में नॉन मोबिलिटी की हिस्सेदारी बढ़ी है।