डॉ रेड्डीज लेबोरेटरीज (Dr Reddy’s Laboratories) ने 30 जून को कहा कि उसने ओपियॉइड डिपेंडेंस (opioid dependence) या एडिक्शन (addiction) या लत के उपचार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा पर इंडिवियर इंक (Indivior Inc) और एक्वेस्टिव थेरेप्यूटिक्स (Aquestive Therapeutics) के साथ पेटेंट मुकदमेबाजी का निपटारा कर लिया है।
हैदराबाद स्थित दवा बनाने वाली दिग्गज कंपनी ने एक बयान में कहा कि एक अमेरिकी अदालत ने बिना किसी प्रतिकूल प्रभाव के मामले में लंबित सभी दावों और प्रतिदावों (claims and counterclaims) को खारिज कर दिया है। पार्टियों द्वारा संयुक्त रूप से दायर बर्खास्तगी की याचिका पर कोर्ट ने ये फैसला दिया।
कंपनी ने Indivior और Aquestive के साथ एक समझौता किया। इसके बाद बर्खास्तगी की याचिका उस समझौते के अनुसार दायर की गई थी।
डॉ रेड्डीज ने कहा, "इस मामले पर हुआ सेटलमेंट और बर्खास्तगी से पार्टियों के बीच सभी क्लेम्स का समाधान हो गया है। इन क्लेम्स में इंडिवियर और एक्वेस्टिव के पेटेंट उल्लंघन के क्लेम्स के साथ-साथ इंडिवियर के खिलाफ डॉ रेड्डीज के एंटीट्रस्ट काउंटर क्लेम भी शामिल हैं।"
इसके पहले 24 जून को डॉ रेड्डीज ने घोषणा की थी कि उसने Indivior Inc और Aquestive Therapeutics के साथ एक समझौता किया है। इस समझौते से उसे 31 मार्च, 2024 तक कुल 7.2 करोड़ डॉलर मिलेंगे।
कंपनी ने कहा था कि उनके बीच हुआ समझौता कंपनी की जेनेरिक ब्यूप्रेनोर्फिन (generic buprenorphine) और नालोक्सोन सबलिंगुअल फिल्म (naloxone sublingual film), 2 मिलीग्राम / 0.5 मिलीग्राम, 4 मिलीग्राम / 1 मिलीग्राम, 8 मिलीग्राम / 2 मिलीग्राम और 12 मिलीग्राम / 3 मिलीग्राम की खुराक से संबंधित पार्टियों के बीच सभी दावों या क्लेम्स का समाधान करता है।
गौरतलब है कि Buprenorphine and naloxone sublingual film दवा का उपयोग ओपिओइड डिपेंडेंस या एडिक्शन या लत के उपचार के लिए किया जाता है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)