ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन फार्मास्युटिकल्स (GlaxoSmithKline Pharmaceuticals (GSK Pharma) के शेयर बुधवार को 1 प्रतिशत से अधिक गिर गए। ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने कंपनी के रिच वैल्यूएशन और अपेक्षाकृत कम ग्रोथ प्रोफ़ाइल के कारण स्टॉक पर 'अंडरवेट' रेटिंग बनाए रखने के बाद शेयरों में फिसलन देखने को मिली।
मॉर्गन स्टेनली ने भी अपने टारगेट प्राइस को पहले के 1464.40 रुपये से घटाकर 1,416 रुपये प्रति शेयर कर दिया। आज सुबह 09:48 पर इस फार्मा कंपनी का शेयर 1448 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इसके भाव में बीएसई पर पिछले बंद से 1.05 प्रतिशत की गिरावट नजर आई।
मॉर्गन स्टेनली ने कहा कि GSK Pharma अपने बढ़ते योगदान और नये प्रोडक्ट्स के साथ घरेलू फार्मास्युटिकल बाजार में एक प्रमुख खिलाड़ी है।
जीएसके फार्मा की बिक्री में वैक्सीन व्यवसाय का 22 प्रतिशत योगदान है। मॉर्गन स्टेली ने अनुमान लगाया कि महामारी के धीमा पड़ने के साथ ही इसमें सुधार होना चाहिए।
पिछले महीने एक नियामक फाइलिंग में कंपनी ने उल्लेख किया कि अप्रैल-जून तिमाही के लिए उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 8 प्रतिशत बढ़ा। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 107 करोड़ रुपये की तुलना में इस साल की पहली तिमाही में ये 116 करोड़ रुपये हो गया।
ऑपरेशंस से आय एक साल पहले की अवधि में 718 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 745 करोड़ रुपये हो गई।
GSK Pharma के एमडी श्रीधर वेंकटेश ने कहा, "हमारे नतीजे तिमाही के दौरान सामान्य दवाओं और वैक्सींस में बढ़िया मोमेंटम को दर्शाते हैं। हमने फोकस ब्रांडों में बाजार हिस्सेदारी हासिल करने के साथ मजबूत ग्रोथ भी दर्ज की है।"
ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन फार्मास्युटिकल्स ये ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन पीएलसी की सहायक कंपनी है। ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन पीएलसी दुनिया की अग्रणी रिसर्च-बेस्ड फार्मास्युटिकल और हेल्थकेयर कंपनियों में से एक है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)