कंपनी को एनएससीएस (NSCS) से 'विश्वसनीय स्रोत' (‘trusted source’) के रूप में मंजूरी मिलने के बाद 27 दिसंबर को सुबह के सेशन में एचएफसीएल (HFCL) के शेयरों में 2 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (National Security Council Secretariat (Trusted Telecom Cell) ने राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक हित के मामलों पर दूरसंचार उद्योग में इनोवेशन करने वाले एंटरप्राइज को एक विश्वसनीय स्रोत के रूप में मान्यता दी है।
इस टैग के साथ एचएफसीएल कंपनियों की प्रीमियम लीग में शामिल हो गया है और सभी भारतीय दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSPs) के लिए उनके सक्रिय नेटवर्क उत्पादों और बुनियादी ढांचे के लिए एक विश्वसनीय स्रोत बन गया है। ये जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई है।
आज सुबह 11:18 बजे शेयर 1.50 रुपये या 1.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 78.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इसने 78.70 रुपये के इंट्रा डे हाई और 75.10 रुपये के इंट्रा डे लो को छुआ।
एचएफसीएल के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक महेंद्र नाहटा (HFCL Promoter and Managing Director Mahendra Nahata) ने कहा, "हमें NSCS से 'विश्वसनीय स्रोत' के रूप में मंजूरी मिलने की खुशी है और हम अपने प्रोडक्ट्स और सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला के साथ अपने टीएसपी भागीदारों को सेवा जारी रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।"
सरकार ने राष्ट्रव्यापी दूरसंचार नेटवर्क पर बेहतर पर्यवेक्षण और प्रभावी नियंत्रण लानें के लिए जून 2021 में एनएससीएस के साइबर विंग के तहत ट्रस्टेड टेलीकॉम पोर्टल लॉन्च किया है।
कंपनी ने कहा कि सरकार पांचवीं पीढ़ी (5G) तकनीक के साथ दूरसंचार नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। साइबर हमलों के बढ़ते खतरे, डेटा खपत में वृद्धि के चलते खुफिया जानकारी एकत्र करने जैसे खतरों से निपटने के लिए सरकार ने भारतीय टीएसपी को अपने नेटवर्क को केवल उन नए उपकरणों से जोड़ने का आदेश दिया है जिन्हें 'विश्वसनीय स्रोत' के 'विश्वसनीय उत्पादों' के रूप में नामित किया गया है।
नाहटा ने कहा, "विश्वसनीय स्रोत के रूप में चयन सूची में हमें शामिल करना हमारे लिए एक विशिष्ट उपलब्धि है और विश्व स्तरीय प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस को मेक-इन-इंडिया स्तर प्रस्तुत करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।"