Mahindra & Mahindra Share : महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में मंगलवार को भी तेजी जारी रही। बीएसई पर इंट्राडे के दौरान शेयर ने 1,043.15 रुपये का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर छूआ, जो उसका नया रिकॉर्ड हाई भी है। दोपहर 1 बजे शेयर लगभग 4 फीसदी की मजबूती के साथ 1,037 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है।
ऑटोमेकर ने 31 मार्च, 2022 को समाप्त चौथी तिमाही के दौरान पांच गुनी बढ़ोतरी के साथ 1,192 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन प्रॉफिट दर्ज किया। महिंद्रा ग्रुप की कंपनी का रेवेन्यू 28 फीसदी बड़कर 17,124 करोड़ रुपये हो गया, जबकि बीते साल समान तिमाही में यह 13,356 करोड़ रुपये के स्तर पर था।
ऑटो बिजनेस से मिलेगी ग्रोथ
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मोतीलाल ओसवाल ने एक नोट में कहा, “जहां ट्रैक्टर के लिए आउटलुक में सुधार हुआ है, वहीं हमें उम्मीद है कि अगले दो साल तक ऑटो बिजनेस से कंपनी को अच्छी ग्रोथ मिलेगी। पांच साल के औसत की तुलना में वैल्यूएशन अभी काफी डिस्काउंट पर है, जिससे ट्रैक्टर साइकिल में कमजोरी जाहिर हो रही है।”
ब्रोकरेज हाउस ने 1,150 रुपये के टारगेट के साथ M&M के शेयरों के लिए खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है। पिछले पांच ट्रेडिंग सेशन के दौरान शेयर लगभ 10 फीसदी मजबूत हो चुका है।
फिलिप कैपिटल ने अपग्रेड की रेटिंग
फिलिप कैपिटल के एनालिस्ट्स ने स्टॉक की रेटिंग अपग्रेड करके ‘बाई’ कर दी है और 1,140 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 22 में कंपनी फार्म सेगमेंट अपना मार्केट शेयर बढ़ाकर 40 फीसदी करने में कामयाब रही है। फिलिप कैपिटल ने एक नोट में कहा, “नए लॉन्च और बेहतर मार्जिन के दम पर ऑटो बिजनेस अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। ऑटो की प्रॉफिटेबिलिटी में भी सुधार हुआ है। आरएम की कीमतों में कमजोरी, नए लॉन्च और आपूर्ति की समस्याएं दूर होने से फार्म और ऑटो बिजनेस दोनों के मार्जिन में सुधार आना चाहिए।”
वहीं घरेलू वाहन कंपनी ने सोमवार को कहा था कि वह अगले साल की पहली तिमाही में अपनी XUV 300 SUV का पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च करने की योजना बना रही है।