Multibagger Tata Stock : टाटा ग्रुप की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी (Indian Hotels Company) यानी IHCL के शेयर पिछले एक साल के दौरान मल्टीबैगर के रूप में सामने आए हैं। हाल की तेजी के साथ आईएचसीएल का शेयर बीते एक साल के दौरान 100 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दे चुका है। गुरुवार, 18 अगस्त की सुबह के रेट से तुलना करें तो शेयर एक साल में 104 फीसदी और इस साल यानी 2022 में 50 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दे चुका है।
गुरुवार को शुरुआती कारोबार में आईएचसीएल का शेयर लगभग 1 फीसदी मजबूती के साथ 278 रुपये के स्तर पर बना हुआ है।
घाटे से मुनाफे में आई कंपनी
अप्रैल-जून, 2022 तिमाही में हॉस्पिटैलिटी कंपनी ने अभी तक के सबसे अच्छे तिमाही नतीजे पेश किए। IHCL ने जून में समाप्त तिमाही के दौरान 170 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (पीएटी) दर्ज किया, जबकि बीते साल समान अवधि में कपनी को 277 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू 249.45 फीसदी बढ़कर 1,293 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
महामारी के चलते मार्च, 2020 में देश भर में लॉकडाउन लगने से तगड़ा झटका सहने वाली IHCL ने अपने बिजनेस में शानदार रिकवरी दर्ज की है। मार्च, 2020 में होटल और टूरिज्म सेक्टर से जुड़ी गतिविधियां ठप हो गई थीं।
Jefferies ने दी खरीद की सलाह
Jefferies ने आईएचसीएल पर जारी अपनी हाल की रिपोर्ट में कहा कि अपनी लीडरशिप पोजिशन, एसेट मिक्स, मार्जिन प्रोफाइल में सुधार और अच्छी बैलेंसशीट के दम पर यह कंपनी एक मजबूत इनवेस्टमेंट स्टोरी बनी हुई है। जेफ्रीज ने अपनी रिपोर्ट में 325 रुपये के टारगेट के साथ आईएचसीएल के लिए खरीद की सलाह बरकरार रखी है। इस प्रकार मौजूदा प्राइस पर शेयर 17 फीसदी रिटर्न दे सकता है।
जेफ्रीज ने कहा, “पिछले छह महीने/ एक साल में इंडियन होटल्स में तगड़ी रैली के साथ, यह बहस हो रही है कि कब कीमतों में पूरी रिकवरी नजर आएगी। हमारा मानना है कि आईएचसीएल में प्रीमियम पर ट्रेडिंग जारी रह सकती है।”
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।