पेटीएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय शेखर शर्मा (Paytm's Chief Executive Officer Vijay Shekhar Sharma) ने 14 मार्च को एक रिपोर्ट का खंडन किया जिसमें आरोप लगाया गया था कि बैंक ने चीनी फर्मों को डेटा लीक करने की अनुमति दी थी। शर्मा पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) में सबसे बड़े शेयरधारक हैं।
शर्मा ने CNBC-TV18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा, "ये बिल्कुल गलत है। रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह से गलत है। यह मानना गलत है कि बैंक चीनी या किसी अन्य विदेशी संस्थाओं के साथ कोई डेटा साझा कर रहा है।"
Paytm के सीईओ की प्रतिक्रिया ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के कुछ ही समय बाद आई, जिसमें सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया गया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक को भेजे गए अपने पत्र में चीनी संस्थाओं को डेटा लीक होने के कारण नए ग्राहकों को जोड़ने से रोक दिया है।
रिपोर्ट में एक अज्ञात स्रोत का हवाला देते हुए कहा गया है "भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वार्षिक निरीक्षण में पाया गया कि कंपनी के सर्वर चीनी संस्थाओं के साथ जानकारी साझा कर रहे थे। ये संस्थाएं अप्रत्यक्ष रूप से Paytm Payments Bank में हिस्सेदारी रखती हैं।"
हमारे पास भारत के बाहर कोई सर्वर नहीं है- शर्मा
शर्मा के अनुसार RBI ने भी यही चिंता जताई है लेकिन विदेशी संस्थाओं को किसी भी कथित डेटा लीक का कोई उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने CNBC TV18 से कहा "RBI ने अपने पत्र में भारत के बाहर किसी भी इकाई को डेटा लीक होने पर चिंता नहीं जताई। हमारे पास भारत के बाहर कोई सर्वर नहीं है। किसी भी विदेशी नागरिक की हमारे सर्वर तक पहुंच नहीं है।"
Paytm Payments Bank को 11 मार्च को भेजे गए अपने पत्र को लेकर उठे विवाद पर आरबीआई ने कोई बयान जारी नहीं किया है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि RBI ने बैंक को नए ग्राहकों को जोड़ने से रोक दिया है। यह भी कहा कि नियामक ने केवाईसी नियमों के अनुसार ग्राहकों को वेरीफाई करने में इनकी विफलता पर सवाल उठाया है।
UPI onboarding पर प्रतिबंध नहीं - शर्मा
शर्मा ने अपने पत्र में RBI द्वारा बताई गई "चिंताओं" के बारे में विस्तार से बताने से परहेज किया, लेकिन दावा किया कि Paytm Payments Bank पर UPI onboarding पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
इस गरम मामले पर शर्मा की टिप्पणियों के अलावा, बैंक ने एक स्पष्टीकरण भी जारी किया है।
बैंक के प्रवक्ता ने कहा “Paytm Payments Bank की हालिया ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में चीनी फर्मों को डेटा लीक होने का दावा किया गया है, जो पूरी तरह से गलत है और केवल सनसनीखेज है। Paytm Payments Bank को पूरी तरह से घरेलू बैंक होने पर गर्व है और डेटा लोकलाइजेशन पर आरबीआई के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करता है। बैंक का सारा डेटा देश के अंदर रहता है। हम डिजिटल इंडिया पहल के सच्चे अनुयायी हैं। हम देश में वित्तीय निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
Paytm Payments Bank में शर्मा की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी
विशेष रूप से ये बैंक Paytm और विजय शेखर शर्मा के बीच का एक ज्वाइंट वेंचर है। इसमें Paytm की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है और शर्मा के पास इसकी 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार चीन के ई-कॉमर्स कंपनियों अलीबाबा ग्रुप और उसके सहयोगी, जैक मा के Ant Group के पास पेटीएम में हिस्सेदारी है।