आज के कारोबारी सत्र में पेटीएम के शेयर बीएसई पर 4 फीसदी से ज्यादा टूटकर 990 रुपये के ऑल टाईम लो पर पहुंच गए। इस डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विस कंपनी के शेयर इस समय अपने आईपीओ इश्यू प्राइस से करीब 53 फीसदी नीचे नजर आ रहा है। बता दें कि इसकी इश्यू प्राइस 2150 रुपये थी।
बाजार में इस शेयर की लिस्टिंग भी कमजोरी के साथ हुई थी और लिस्टिंग के बाद से यह शेयर लगातार दबाव में चल रहा है।
Piper Serica के अभय अग्रवाल का कहना है कि "उम्मीद है कि पेटीएम के शेयरों पर आगे भी दबाव बना रहेगा क्योंकि कंज्यूमर टेक स्टॉक पर पूरी दुनिया में दबाव देखने को मिल रहा है। यह कंपनियां अभी तक मुनाफे में नहीं है। इसका असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर ब्याज दरों में कोई बढ़ोतरी होती है तो सबसे पहले और सबसे ज्यादा मार इसी सेगमेंट पर पड़ने की संभावना है। हमें इस बात की उम्मीद नहीं है कि जल्द ही इस स्टॉक का बॉटम बनता नजर आएगा। इन सब कारणों से हमें नहीं लगता कि यह इस शेयर में खरीदारी का सही समय है। यहां तक की लॉन्ग टर्म निवेशकों को भी हमारी बॉटम फिशिंग की सलाह नहीं होगी।
बता दें कि One 97 Communications पेटीएम की पेरेंट कंपनी है। हाल ही में इसने आईपीओ के जरिए 2.5 अरब डॉलर जुटाए थे लेकिन यह नवंबर महीने में अपने इश्यू प्राइस से 27 फीसदी नीचे लिस्ट हुआ था।
हालांकि GCL Securities के रवि सिंघल का कहना है कि इस स्टॉक में 800 रुपये के 666 रुपये के स्टॉपलॉस के साथ 1300-1700 के लक्ष्य के लिए खरीदारी करनी चाहिए।