दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) ने दिसंबर 2021 को समाप्त तिमाही के अंत में आभूषण-घड़ी-से लेकर आईवियर बनाने वाली टाइटन कंपनी (Titan Company) में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 5.09 प्रतिशत कर ली है। टाइटन उनके पोर्टफोलियो में सबसे बड़ा स्टॉक है, जिसका मूल्य गुरूवार के शेयर भाव 2,618.65 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 11,849.64 करोड़ रुपये है। इसके बाद सबसे बड़ा दूसरा स्टॉक स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस (Star Health and Allied Insurance) का है।
राकेश राधेश्याम झुनझुनवाला ने दिसंबर 2021 तिमाही के अंत में टाइटन में अपनी हिस्सेदारी 4.02 प्रतिशत (3,57,10,395 इक्विटी शेयर) तक बढ़ा दी, जो सितंबर 2021 तिमाही के 3.80 प्रतिशत (3,37,60,395 शेयर) से अधिक है।
इसके अलावा, उनकी पत्नी रेखा राकेश झुनझुनवाला की शेयरहोल्डिंग इसी अवधि के दौरान 1.07 प्रतिशत (95,40,575 शेयर) पर बनी रही। इसके साथ ही झुनझुनवाला की कुल हिस्सेदारी दिसंबर तिमाही में बढ़कर 5.09 प्रतिशत हो गई, जो पिछली तिमाही में 4.87 प्रतिशत थी।
टाइटन के शेयर की कीमत में कुछ महीनों में 13.5 प्रतिशत का करेक्शन देखा गया है, जो 18 अक्टूबर को 2,588.8 रुपये प्रति शेयर से गिरकर 20 दिसंबर को 2,239.35 रुपये प्रति शेयर पर आ गया है। यह काफी हद तक निफ्टी50 के 10 प्रतिशत करेक्शन होने पर बाजार में हुए कुल करेक्शन के अनुरूप था।
हालांकि इक्विटी बाजार में रिकवरी के साथ स्टॉक भी 20 दिसंबर से आज तक 17 प्रतिशत की तेजी से बढ़ रहा है, जबकि इसी अवधि में निफ्टी में लगभग 10 प्रतिशत की तेजी आई है।
इस बीच टाइटन ने अपने कंज्यूमर कारोबार में मजबूत डिमांड दर्ज की और पिछले साल की त्योहारी तिमाही में 36 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की। कंपनी ने 6 जनवरी को अपनी बीएसई फाइलिंग में कहा, " सालाना आधार पर ज्वैलरी कारोबार में 37 प्रतिशत की वृद्धि हुई, घड़ियों और वियरेबल्स में 28 प्रतिशत, आईवियर में 27 प्रतिशत और अन्य व्यवसायों में सालाना आधार पर 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।"