Rakesh Jhunjhunwala ने इन 10 स्टॉक्स में घटाई हिस्सेदारी, पोर्टफोलियो में जोड़ा एक नया शेयर, क्या बदल दी है स्ट्रैटजी?
एक्सपर्ट्स ने कहा, भारत में अभी तक अच्छी बारिश हुई है और ग्रामीण क्षेत्र में कर्ज की मांग बढ़ी रही है। इससे एग्री से संबंधित स्टॉक्स को सपोर्ट मिल सकता है। मेटल्स और क्रूड की कीमतों में गिरावट से भी फार्म इक्विटमेंट की डिमांड बढ़नी चाहिए
देश के दिग्गज इनवेस्टर्स में शुमार राकेश झुनझुनवाला ने जून 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान अपने स्टॉक पोर्टफोलियो में खासा बदलाव किया है
Rakesh Jhunjhunwala stock portfolio : देश के दिग्गज इनवेस्टर्स में शुमार राकेश झुनझुनवाला ने जून 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान अपने स्टॉक पोर्टफोलियो में खासा बदलाव किया है। वह 10 स्टॉक्स से पूरी तरह या आंशिक रूप से निकल गए, जबकि एक नए शेयर में खरीदारी की है।
झुनझुनवाला ने एक ऐसे शेयर में फिर से निवेश किया है, जिससे वह जनवरी-मार्च अवधि में निकल गए थे। उन्होंने फार्म इक्विपमेंट/ इंडस्ट्रियल ऑटो कंपनी Escorts Kubota Ltd में 1.4 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। दिसंबर, 2021 में समाप्त तिमाही के दौरान इस कंपनी में उनकी 5.4 फीसदी हिस्सेदारी थी। उनकी इस स्टेक की कुल वैल्यू 300 करोड़ रुपये है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
एक्सपर्ट्स का मानना है कि मेटल्स और क्रूड की कीमतों में गिरावट के साथ फार्म इक्विपमेंट की डिमांड बढ़नी चाहिए। अच्छे मानसून से ट्रैक्टर की सेल्स में तेजी आनी चाहिए। प्रोफीशिएंट इक्विटीज के फाउंडर और डायरेक्टर मनोज डालमिया ने कहा, भारत में अभी तक अच्छी बारिश हुई है और ग्रामीण क्षेत्र में कर्ज की मांग बढ़ी रही है। इससे एग्री से संबंधित स्टॉक्स को सपोर्ट मिल सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस सेक्टर में Escorts Kubota एक अच्छा नाम है।
डाटा से यह भी पता चलता है कि बिग बुल के नाम से चर्चित Rakesh Jhunjhunwala ने नेशनल एल्युमीनियम कंपनी (National Aluminium Company) यानी नालको, इंडियाबुल्स रियल एस्टेट (Indiabulls Real Estate Ltd), डेल्टा कॉर्प (Delta Corp) और टीवी18 ब्रॉडकास्ट (TV18 Broadcast) अपनी हिस्सेदारी एक फीसदी से कम कर ली है या पूरी तरह एक्जिट कर गए हैं। डालमिया ने कहा, हाल में मेटल्स, रियल एस्टेट और मीडिया जैसे स्टॉक्स ओवरवैल्यूड हो गए हैं।
झुनझुनवाला की नालको (NALCO) में 31 मार्च, 2022 तक 1.36 फीसदी हिस्सेदारी थी, लेकिन जून के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में उनका नाम नहीं है। पिछले छह महीने में नालको के शेयर 35 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं।
रियल एस्टेट कंपनी के क्यों बेचे शेयर
मार्च, 2022 तिमाही तक इंडियाबुल्स रियल एस्टेट में झुनझुनवाला की 1.10 फीसदी हिस्सेदारी थी, लेकिन अब उनका नाम शेयरहोल्डर्स की लिस्ट से गायब है। यह शेयर पिछले छह महीने में 50 फीसदी टूट चुका है।
राइट रिसर्च की फाउंडर सोनम श्रीवास्तव ने कहा, दिसंबर, 2021 में समाप्त तिमाही में 87.21 करोड़ के घाटे के बाद कंपनी पर दबाव बना हुआ है और इसमें बिकवाली ग्रोथ में सुस्ती और ब्याज दरों में बढ़ोतरी को देखते हुए रियल एस्टेट सेक्टर में साइक्लिक स्टॉक्स में स्ट्रैटजिक एक्जिट हो सकता है।
डेल्टा कॉर्प में क्यों की बिकवाली
14 जून, 2022 तक गेमिंग और और कैसिनो कंपनी डेल्टा कॉर्प (Delta Corp) में Rakesh Jhunjhunwala और उनकी पत्नी Rekha Jhunjhunwala की कुल हिस्सेदारी 1.2 फीसदी थी। उस समय उन्होंने अपनी हिस्सेदारी 3.36 फीसदी से कम कर दी थी। जून तिमाही के डाटा के मुताबिक, झुनझुनवाला की हिस्सेदारी एक फीसदी से कम हो गई है या संभवतः वह पूरी तरह निकल गए हैं।
डेल्टा कॉर्प को जून, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान 57.13 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। एक एनालिस्ट ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग, कैसिनो और रेस कोर्स पर जीएसटी लगने की भी चर्चाएं हो रही हैं।
इन स्टॉक्स में 0.1 फीसदी रह गई हिस्सेदारी
राकेश झुनझुनवाला ने मीडिया कंपनी TV18 Broadcast में भी अपनी हिस्सेदारी घटाई है, जिसने हाल में क्रिकेट के मेगा एवंट आईपीएल (Indian Premier League) के विशेष डिजिटल राइट्स हासिल किए हैं।
इसके अलावा दिग्गज इनवेस्टर ने एनसीसी (NCC Ltd) में हिस्सेदारी घटाई है, जिसमें उनकी हिस्सेदारी घटकर 0.2 फीसदी रह गई है। वहीं DB Realty Ltd, Autoline Industries Ltd, India Bulls Housing Finance Ltd, Tata Motors और Nazara Technologies में उनकी हिस्सेदारी घटकर 0.1-0.1 फीसदी रह गई है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।