नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहे प्राइवेट लेंडर आरबीएल बैंक (Private lender RBL Bank) ने 2 जनवरी को पिछली तिमाही की तुलना में कुल डिपॉजिट में 2.58 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की। 31 दिसंबर तक बैंक की कुल जमा राशि 73,637 करोड़ रुपये थी, जो 30 सितंबर तक दर्ज 75,588 करोड़ रुपये से कम हो गई है।
हालांकि सालाना (YoY) आधार पर बैंक ने 9.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है क्योंकि 31 दिसंबर, 2020 को कुल जमा राशि 67,184 करोड़ रुपये थी।
आरबीएल बैंक ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा "24 दिसंबर, 2021 तक बैंक की कुल जमा राशि 73,141 करोड़ रुपये थी।" यह खुलासा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 25 दिसंबर को बैंक ने दो बड़ी घोषणाएं की थीं - जिसमें बैंक के लॉन्ग टर्म एमडी और सीईओ विश्ववीर आहूजा (MD and CEO Vishwavir Ahuja) छुट्टी पर चल रहे हैं और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपने मुख्य महाप्रबंधक योगेश के दयाल (Yogesh K Dayal) को आरबीएल बैंक के बोर्ड में एक अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया है।
आरबीएल बैंक ने कुल जमाकर्ताओं पर अपने प्रोविजनल डेटा जारी करने के अलावा स्टॉक एक्सचेंजों को यह भी सूचित किया कि 31 दिसंबर तक उसका चालू खाता और बचत खाता (CASA) जमा 25,316 करोड़ रुपये था, जिसमें तिमाही-दर-तिमाही (QoQ) आधार पर 5.30 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। 30 सितंबर तक CASA 26,734 करोड़ रुपये था।
बैंक की रिटेल डिपॉजिट और छोटे व्यवसाय ग्राहकों से प्राप्त होने वाले डिपॉजिट में 11.30 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली जो 31 सितंबर को 31,421 करोड़ रुपये से घटकर 31 दिसंबर को 27,871 रुपये हो गया। एक साल पहले की अवधि में यह 24,413 करोड़ रुपये था।
बैंक ने कहा, "उपरोक्त जानकारी प्रोविजनल है और 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के वित्तीय नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले जारी की जा रही है, जो निदेशक मंडल की ऑडिट कमेटी की मंजूरी के अधीन है।"