RVNL Share Price : रेल विकास निगम लि. (Rail Vikas Nigam) के शेयर में बुधवार, 28 दिसंबर को 5 फीसदी की दमदार रैली के साथ अपर सर्किट लग गया और शेयर 66.70 रुपये के स्तर पर बना हुआ है। दरअसल कंपनी को मालदीव में यूटीएफ हार्बर प्रोजेक्ट (UTF Harbor Project) के विकास के लिए प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन एजेंसी नियुक्त किया गया है। कंपनी ने एक प्रेस रिलीज में कहा, यह सरकार का एक स्ट्रैटजिक प्रोजेक्ट है और इसकी कॉस्ट लगभग 1,544.60 करोड़ रुपये है। आरवीएनएल का शेयर पिछले एक महीने में लगभग 17 फीसदी टूट चुका है। हालांकि, छह महीने में शेयर में 120 फीसदी और एक साल में 95 फीसदी की दमदार रैली देखने को मिली है।
एक सप्ताह के भीतर दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट मिला
एक एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को 24 महीने के भीतर पूरा किया जाना है। मालदीव प्रोजेक्ट एक सप्ताह के भीतर RVNL को मिला दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है। इससे पहले, 22 दिसंबर को कंपनी को गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (Gujarat Metro Rail Corporation) से भेशन डिपो और वर्कशॉप के निर्माण के लिए 198 करोड़ रुपये का एक कॉन्ट्रैक्ट मिला था। कंपनी ने कहा था कि इस ऑर्डर को 20 महीने के भीतर पूरा करना है।
इससे पहले कंपनी को ईस्ट सेंट्रल रेलवे के तहत धनबाद डिवीजन के प्रधानखंता-बंधुआ सेक्शन में स्पीड संभावना 160 किमी प्रति घंटा तक बढ़ाने के लिए 137 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला था।
सितंबर तिमाही में दमदार रहे नतीजे
वित्त वर्ष 23 की दूसरी तिमाही के दौरान RVNL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 36.5 फीसदी बढ़कर सालाना आधार पर 381.22 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेट सेल्स 21.9 फीसदी बढ़कर 4,908.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई।
कई रेल स्टॉक्स को बजट 2023 को ध्यान में रखते हुए खरीदारी के मौके के रूप में देखा जा रह है। ऐसी खबरें हैं कि सरकार RailTel Corporation of India, RVNL और चार अन्य रेल कंपनियों की हिस्सेदारी बेच सकती है, जिससे इनवेस्टर सेंटीमेंट को मजबूती मिली है।