भारत के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India(SBI) को भी बाजार में चौतरफा बिकवाली के कारण आज मंदड़ियों का प्रकोप महसूस हुआ। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को एसबीआई के शेयरों में 4% से अधिक की गिरावट आई और यहां तक कि इसने 4 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप को भी गंवा दिया। इसके बावजूद एसबीआई सबसे ज्यादा वैल्यू वाली फर्मों में अपना आठवां स्थान बनाए हुए है। वहीं एसबीआई में मौजूदा गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका लेकर आई है क्योंकि इस पर विश्लेषक की राय आशावादी है।
बीएसई पर एसबीआई के शेयर 446.35 रुपये पर 15.45 रुपये या 3.35% की गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर अपने इंट्राडे लो 442.35 रुपये के करीब कारोबार कर रहे थे।
मौजूदा भाव पर एसबीआई का मार्केट कैप 3,98,350.04 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले हफ्ते शुक्रवार को एसबीआई का मार्केट कैप 4,12,138.56 करोड़ रुपये रहा था।
एसबीआई ने ब्रॉडर बेंचमार्क और इंडेक्सेस में बिकवाली को ट्रैक किया। सेंसेक्स 1,456.74 अंक या 2.68% की गिरावट के साथ 52,846.70 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 427.40 अंक या 2.64% से नीचे 15,774.40 पर बंद हुआ।
कुल मिलाकर बैंकिंग शेयरों में आज खून की होली देखने को मिली। बैंक निफ्टी 1,077.95 अंक या 3.13% की गिरावट के साथ 33,405.85 पर बंद हुआ। इस बीच बीएसई बैंकेक्स 1,241.52 अंक या 3.12 अंक गिरकर 39,735.84 के आसपास बंद हुआ।
क्या आपको SBI shares चाहिए खरीदना?
ICICI Securities के कुणाल शाह, रेनिश भुवा और चिंतन शाह ने अपने रिसर्च नोट में कहा, "वित्त वर्ष, 2022 में अच्छी ग्रोथ, जीएनपीए के दशक के निचले स्तर पर रहने, नये एनपीए के 1 प्रतिशत से कम के स्तर पर रहने, ब्याज लागत 0.55 प्रतिशत की हल्की बढ़त और मार्जिन में स्थिरता से एसबीआई को फायदा मिला है जिसके चलते वित्त वर्ष 2022 की आरओई 13.9 प्रतिशत और आरओए 0.67 प्रतिशत पर रहा है।"
सालाना आधार पर FY22 में SBI का शुद्ध मुनाफा 55.19% बढ़कर 31,676 करोड़ रुपये रहा। सालाना आधार पर एसबीआई की ब्याज आय (एनआईआई) 9.03% बढ़कर 1,20,708 करोड़ रुपये हो गई। बैंक का FY22 में रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 13.92% था जो सालाना आधार पर 398 बेसिस प्वाइंट अधिक रहा है।
इसके अलावा FY22 में SBI का रिटेल पोर्टफोलियो 10 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया। मिंट में छपी खबर के मुताबिक होम लोन जो बैंक के डोमेस्टिक एडवांसेस का 23% है उसमें 11.49% की वृद्धि हुई है और ये 5,61,651 करोड़ रुपये हो गया है। वित्त वर्ष 2022 में बचत बैंक जमा में 10.45% की वृद्धि हुई। जबकि टर्म डिपॉजिट में 11.54% की वृद्धि हुई। इस बीच ग्रॉस एनपीए अनुपात सालाना आधार पर 101 बेसिस प्वाइंट गिरकर 3.97% पर आ गया। जबकि नेट एनपीए अनुपात सालाना आधार पर 48 बेसिस प्वाइंट घटकर 1.02% हो गया।
इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के विश्लेषकों ने SBI पर 673 रुपये के अपरिवर्तित लक्ष्य के साथ BUY की रेटिंग को बरकरार रखा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)